प्रयागराज के अस्पताल में एक महिला के नमाज पढ़ने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। मरीजों और तीमारदारों के बीच महिला ने नमाज पढ़ी, जिसका कई लोगों ने विरोध भी किया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने महिला का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जो अब काफी वायरल हो रहा है। इस मामले में अस्पताल के प्रशासन ने सख्त रवैया अपनाते हुए महिला और कर्मचारियों को चेतावनी दी है कि दोबारा ऐसा नहीं हो।

यह मामला जिले के तेज बहादुर सप्रू अस्पताल (बेली अस्पताल) का है। यहां डेंगू वार्ड के बाहर एक मुस्लिम महिला ने नमाज पढ़ी। वीडियो में नजर आ रहा है कि महिला फर्श पर चादर बिछाकर नमाज पढ़ रही है। वहां मौजूद अन्य मरीजों के तीमारदार भी थे, जो महिला को नमाज पढ़ते देख रहे थे। नमाज पढ़ने के बाद महिला उठी और कुछ दूर जाकर बैठ गई।

बताया जा रहा है कि वीडियो में नजर आ रही महिला भी किसी मरीज की तीमारदार है। अस्पताल के डेंगू वार्ड में जेठवारा प्रतापगढ़ की 40 वर्षीय एक महिला भर्ती है। यह महिला उसकी तीमारदार बताई जा रही है। यह महिला अस्पताल में 15 मिनट तक नमाज पढ़ती रही। वहां मौजूद कुछ तीमारदारों ने इसका विरोध भी किया। इस दौरान यहां मौजूद एक शख्स ने नमाज पढ़ती महिला का वीडियो बना लिया और उस वायरल कर दिया।

जब वीडिया वायरल हुआ तो इसकी जानकारी चिकित्साधिकारी तक भी पहुंच गई। इसके बाद अस्पताल के प्रशासन ने मामले में जांच बैठाई है कि आखिर अस्पताल कर्मियों ने महिला को रोकने के लिए कोई कोशिश क्यों नहीं की। इसके साथ ही उन्हें सख्त हिदायत दी कि आगे से ऐसा ना हो।

बेली अस्पताल के अधीक्षक डॉ. एमके अखौरी ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने पर वह वहां गए। नमाज पढ़ने वाली महिला को चेतावनी दी। इसके साथ ही उन्होंने इसकी अनेदखी करने वाली वार्ड प्रभारी शबनम राय को भी चेतावनी दी।