हरियाणा के पंचकूला में एक महिला के साथ 40 लोगों द्वारा गैंगरेप करने का मामला सामने आया है। महिला द्वारा पहचान किए जाने के बाद पुलिस ने अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में पता चला है कि महिला के साथ बलात्कार करने वाले लोगों में बिजनेसमैन, टैक्सी ड्राइवर, सेल्समैन और एक 55 साल का बुजुर्ग भी शामिल है। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान साहब सिंह, करण शर्मा, शादी राम, विकास, मनजीत, अजय और सुखविंदर के रुप में हुई है। पीड़िता के साथ बलात्कार करने वाले एक बुजुर्ग को छोड़कर बाकी सभी लोग 25 से लेकर 40 साल तक की उम्र के हैं।

घटना पंचकूला के मोरनी गेस्टहाउस की है, जहां 21 वर्षीय पीड़िता के साथ आरोपियों ने बलात्कार किया। जांच में पता चला है कि आरोपी टैक्सी ड्राइवर साहब सिंह महिला को मोरनी गेस्टहाउस लेकर आता था और बलात्कार के बाद उसे वापस छोड़कर भी आता था। इस बीच साहब सिंह ने भी महिला के साथ बलात्कार को अंजाम दिया। फिलहाल इस घटना को लेकर लोगों में काफी गुस्सा है। कांग्रेस की 100 से ज्यादा महिला कार्यकर्ताओं ने तो पंचकूला में इस घटना के विरोध में विरोध प्रदर्शन भी किया। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता रंजीता मेहता का कहना है कि विरोध के चलते उन लोगों ने काले कपड़े पहनने का फैसला किया है। साथ ही हम मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का पुतला भी जलाएंगे, क्योंकि उनकी सरकार बलात्कार के इस मामले में उचित कारवाई करने में नाकाम रही है।

बता दें कि पंचकूला के शहरी इलाके से थोड़ी दूर स्थित मोरनी गेस्टहाउस में पीड़िता के साथ 4 दिनों तक 40 लोगों ने बलात्कार किया। 4 दिन बाद महिला ने पुलिस थाने पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज करायी। जिसके बाद पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा, जहां गैंगरेप की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली।