झारखंड में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। झारखंड के लातेहार कस्बे में आधार कार्ड लेने आई महिला ने सड़क पर बच्चे को जन्म दिया। इस मामले के सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। पुलिस के मुताबिक महिला की पहचान सोनमनी अंगेरिया टीपू हेस्ला गांव की रहने वाली महिला के रूप में हुई है। वह अपने गांव से 15 किलोमीटर दूर लातेहार आई थी। महिला अपने तीनों बच्चों के साथ आधार कार्ड बनवाने के लिए आई थी। काम नहीं होने के चलते महिला रैन बसेरा में रूक गई।
जानकारी के मुताबिक सुबह होते ही महिला को लेबर पेन शुरू हो गया। सब-डिवीजनल पुलिस अधिकारी पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि हमें शुक्रवार को आधे दिन के बाद घटना का पता चला, जिसके बाद पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया। रिपोर्ट के मुताबिक महिला 5 घंटे तक मदद के लिए चिल्लाती रही लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। महिला के पास न तो एंबुलेंस पहुंची और न ही किसी ने उसे अस्पताल पहुंचाया। महिला ने सड़क किनारे ही बच्चे को जन्म दिया। घटना का पता चलने के बाद लातेहार के डिप्टी कमिश्नर प्रमोद कुमार गुप्ता ने कहा, ‘यह बहुत दुख की बात है, मैंने इस मामले में डिप्टी डेवलेपमेंट कमिश्नर और सिविल सर्जन को जांच के आदेश दिए हैं और रिपोर्ट सौंपने को कहा है।
READ ALSO: ओडिशा: गाड़ी करने को रुपए नहीं थे, बीवी की लाश को कंधे पर लाद कर ले गया माझी
गौरतलब है कि इस तरह के मामले पहले भी कई बार सामने आ चुके हैं। हाल ही में ओडिशा से इंसानियत को शर्मसार करने का एक मामला सामने आया। यहां एक पिता को अपनी 6 साल की बेटी की मौत के बाद 6 किलोमीटर दूर तक उसे पैदल लेकर जाना पड़ा। जानकारी के मुताबिक, उस शख्स की लड़की बीमार थी और वह एंबुलेंस में उसे हॉस्पिटल लेकर जा रहा था। लेकिन रास्ते में भी उसकी मौत हो गई। इस पर एंबुलेंस के ड्राइवर ने उसे बीच रास्ते में ही उतार दिया। लड़की के पिता ने कहा, ‘ड्राइवर को रास्ते में उनकी बेटी के मरने के बारे में जैसे ही पता चला, उसने हमें एंबुलेंस से उतरने को कहा।’
READ ALSO: कानपुर: दलित महिला का आरोप उसके जाने के बाद मंदिर को धोया गया, पुजारिन ने कहा- रोज धोते हैं मंदिर
