उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से बेहद ही चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति पर उसकी ही पत्नी ने बीच बाजार में तेजाब फेंक दिया। यह घटना पीलीभीत के नगर क्षेत्र के कोतवाली इलाके की है। पत्नी के हमले के बाद पति तड़पने लगा। उसे तड़पता देख लोगों ने तत्परता दिखाते हुए जिला अस्पताल में उसे भर्ती करा दिया। फिलहाल पीड़ित की हालत गंभीर बनी हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक महिला ने पिचकारी से पति पर हमला किया। पुलिस ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। महिला द्वारा ऐसी हरकत किए जाने के बाद से ही घटनास्थल पर माहौल गरम बना हुआ है।

आपको बता दें कि फरहत (43 वर्ष) नाम का व्यक्ति अपनी पत्नी और परिवार के साथ पीलीभीत में विकास क्षेत्र में स्थित काशीराम आवास में रहता है। इसके अलवा उसने परवीन नाम की महिला के साथ दूसरी शादी भी की है। परवीन नगर कोतवाली के ईदगाह कांशीराम कालोनी में रहती है। फरहत ने जानकारी दी कि उसकी दूसरी पत्नी के साथ वाद फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। इस मामले के कारण उनके बीच अभी विवाद बना हुआ है। इसी के चलते उसकी दूसरी पत्नी परवीन ने दबाव बनाने के मकसद से फरहत के ऊपर तेजाब फेंका।

रिपोर्ट्स के मुताबिक फरहत कैंची में धार लगवाने के लिए बाजार गया हुआ था, जहां परवीन ने उसके ऊपर पिचकारी से तेजाब फेंक दिया। परवीन द्वारा तेजाब फेंकने के बाद घटनास्थल पर हड़कंप मच गया। लोगों ने आनन-फानन में फरहत को अस्पताल में तो पहुंचाया ही, साथ ही महिला को भी पकड़ा। घटना के बाद मौके पर सीओ सिटी धर्मसिंह मार्छल पहुंचे और उन्होंने महिला को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद धर्मसिंह अस्पताल गए और फरहत से भी बात की, जहां फरहत ने पूरा मामला बताया। फिलहाल पुलिस महिला से भी पूछताछ कर रही है। वहीं घटनास्थल पर माहौल अभी भी गर्म बना हुआ है।