राजस्थान के जैसलमेर में एक महिला के साथ बर्बरता का मामला सामने आया है। बताया गया है कि यहां दूसरे निकाह से इनकार करने वाली एक विधवा महिला की नाक और जीभ काट दी गई। बताया गया है कि पीड़िता गंभीर हालत में जोधपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराई गई है, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस घटना की शिकायत महिला के भाई ने संकरा पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला पर दबाव बनाया जा रहा था कि वह ससुराल पक्ष की तरफ से पसंद किए गए एक व्यक्ति से निकाह कर ले। लेकिन जब महिला ने उनका प्रस्ताव नकार दिया, तो घर के कुछ सदस्यों ने उसकी नाक और जीभ काट दी।
पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बाद मुख्य आरोपी जानू खान को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने अन्य जगहों पर छापे मारकर दो और लोगों अनवर खान और नवाब खान को भी गिरफ्तार किया। बताया गया है कि 9 अन्य लोगों के नाम भी एफआईआर में शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता के भाई ने शिकायत में कहा है कि उसकी बहन का छह साल पहले कोजे खान से निकाह हुआ था। एक साल बाद खान की मौत हो गई। तभी से ससुराल पक्ष के लोग विधवा पर उनकी पसंद के व्यक्ति से निकाह का दबाव बना रहे थे। पर महिला ने हर बार निकाह से इनकार कर दिया।
इसी बीच मंगलवार को दोपहर 1 बजे आरोपी ट्रैक्टर से आए और महिला पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोपियों ने महिला का एक हाथ भी तोड़ दिया। बताया गया है कि बीच-बचाव करने आई लड़की की मां के साथ भी मारपीट हुई। बाद में दोनों पीड़ितों को जोधपुर के अस्पताल में इलाज के लिए भेज दिया गया।