उत्तर प्रदेश में बदायूं के क्लब मैदान में जनसभा के दौरान मौजूदा सांसद संघमित्रा मौर्य रोती हुई दिखाई दीं। यह मामला सीएम योगी आदित्यनाथ के जनसभा में पहुंचने से कुछ देर पहले सामने आया। इसकी वजह क्या है? इस सवाल पर स्पष्ट जानकारी तो मौजूद नहीं है लेकिन माना जा रहा है कि बदायूं लोकसभा सीट से बीजेपी के संघमित्रा मौर्य का टिकट काट दुर्विजय शाक्य को उम्मीदवार बनाया है, यह भी एक वजह हो सकती है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आज ‘प्रबुद्ध सम्मेलन’ को संबोधित करने पहुंचे हैं। उनके पहुंचने से पहले का मामला बताकर एक वीडियो साझा किया जा रहा है जिसमें सांसद संघमित्रा मौर्य रोती हुई दिखाई दे रही हैं।
क्या बताई वजह?
संघमित्रा मौर्य का यह वीडियो वायरल होने के बाद अलग-अलग तरह के कयास लगाए जाने लगे। उन वजहों पर बात हो रही जिनके रहते संघमित्रा मौर्य रोई होंगी। लेकिन जब उनसे मीडिया ने बात कर जानना चाहा तो संघमित्रा मौर्य ने बताया कि मंत्री गुलाबों देवी उन्हें राजा दशरथ की कहानी सुना रही थी इसलिए उनकी आँखों में आंसू आ गए, टिकट काटे जाने पर नाराजगी से उन्होंने साफ इनकार कर दिया।
‘मैं दुर्विजय शाक्य के लिए कर रही हूं प्रचार’
संघमित्रा मौर्य ने कहा कि वह पार्टी के उम्मीदवार दुर्विजय शाक्य के लिए चुनाव अभियान में जुटी हुई हैं। मौजूदा सांसद ने कहा कि वह इतनी कमजोर नहीं हैं कि टिकट कटने पर आंसू बहाने लगेंगी। इसके बाद वह भाषण देने भी पहुंची और उम्मीदवार दुर्विजय शाक्य की काफी तारीफ करती दिखाई दी। उनके बयान के बाद स्थिति साफ है लेकिन जब उनका टिकट काटा गया तो यह कयास लगाए जा रहे थे कि वह नाराज हो सकती हैं, लेकिन ऐसा कुछ भी निकलकर सामने नहीं आया।