मध्य प्रदेश के इंदौर में एक रेप पीड़िता की मां द्वारा आरोपी को सरेआम पीटने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में महिला एक शख्स की जमकर पिटाई कर रही है। 34 सेकंड के इस वीडियो में पीड़िता की मां ने आरोपी पर थप्पड़ और घूंसों की बरसात करती दिख रही है। वीडियो में पुलिस भी नजर आ रही है, जो युवक की पिटाई होते हुए देख रही है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।

यह घटना उस वक्त की है, जब आरोपी शख्स पुलिस की कस्टडी में था। महिला ने आरोपी को सामने देखकर अपना आपा खो दिया और उस पर हमला बोला दिया। वहीं, आरोपी को हथकड़ी में जकड़ा दिखाई दे रहा है। पिटाई से बचने की कोशिश करने पर पुलिस वापस उसे महिला की ओर धकेलती दिख रही है। इस बीच, आरोपी को सरेआम महिला द्वारा पिटता देख आस-पास के लोग वहां जमा हो गए।

बता दें कि इंदौर में कुछ दिन पहले एक नाबालिग से रेप का मामला सामने आया था। पेक्स हॉस्पिटल के पीछे की बस्ती में रहने वाली 16 साल की नाबालिग से रामनगर एक्सटेंशन में रहने वाला और झाड़-फूंक करने वाला 55 साल का माईनुद्दीन शेख बाबा ने दुष्कर्म किया। दुष्कर्म का पता तब चला, जब बच्ची प्रेग्नेंट हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। इसके बाद जज ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए 10 साल की सजा और 5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया था। जांच के दौरान पता चला था कि बाबा पीड़िता के पिता का जानकार था और अक्सर पीड़िता के घर आता-जाता रहता था। उसने 28 अक्टूबर, 2016 को नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया था।