पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हत्याओं का दौर बदस्तूर जारी है। अब प्रदेश के मालदा में बीते दो दिनों से लापता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय कार्यकर्ता का जला हुआ शव बुधवार (12 जून, 2019) को एक खेत से बरामद किया गया है। शव पर कई जगह चोट के निशान भी पाए गए। मृतक की पहचान आशीष सिंह (47) के रूप में हुई है। इंग्लिश बाजार पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं पार्टी कार्यकर्ताओं की हत्या से गुस्साई भाजपा बंगाल ईकाई ने कोलकाता के बड़ा बाजार में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया है।
भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो ने इस जघन्य हत्या पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बुधवार को भाजपा कार्यकर्ता के शव की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, ‘पश्चिम बंगाल में मालदा जिला एक और भाजपा कार्यकर्ता की जघन्य हत्या का गवाह बना। अनिल सिंह की हत्या टीएमसी के गुंडों ने कर दी। पिछले पांच दिनों में यह भाजपा कार्यकर्ता की पांचवी हत्या है। मृतक के परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं है।’
पार्टी कार्यकर्ता का शव बरामद होने से महज एक दिन पहले बंगाल भाजपा ईकाई ने प्रदेश की टीएमसी सरकार के खिलाफ उसके कार्यकर्ताओं पर जानलेवा हमले का आरोप लगाते हुए ‘काला दिवस’ मनाया था। भगवा पार्टी ने सोमवार को प्रदेश के बशीरहाट में 12 घंटे का बंद भी बुलाया। बीते शनिवार को यहां टीएमसी और भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए थे।
बता दें कि बीते पांच दिनों में बुधवार तक भाजपा के पांच कार्यकर्ताओं के शव बरामद किए जा चुके हैं। भाजपा का दावा कि उसके पांच कार्यकर्ताओं की राजनीतिक हत्या की गई है। वहीं राज्य की सत्ता पर काबिज टीएमसी ने अपने एक कार्यकर्ता की हत्या का दावा किया है।
WB’s Malda district witnessed another heinous murder of a BJP worker, Anil Singh, by TMC goons. This would be the 5th murder of a BJP worker in Bengal in the last 4 days. My condolences to the bereaved family.@BJP4Bengal @BJPLive pic.twitter.com/sMiDI9JYMz
— Babul Supriyo (@SuPriyoBabul) June 12, 2019