पश्चिम बंगाल पुलिस ने बीते हफ्ते एक सीरियल किलर को गिरफ्तार किया है। सीरियल किलर पर आरोप है कि वह बिजली का मीटर चेक करने के बहाने घर में दाखिल होता था और महिलाओं को अकेला पाकर उन पर हमला कर देता था। इतना ही नहीं आरोपी अब तक इस तरह 7 महिलाओं की हत्या कर चुका है और हत्या करने के बाद आरोपी महिलाओं के शव के साथ शारीरिक संबंध भी स्थापित करता था। इसके बाद घर से कीमती सामान आदि लेकर फरार हो जाता था। पश्चिम बंगाल पुलिस लंबे समय से आरोपी की तलाश में जुटी थी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को आईपीसी की धारा 302 (हत्या), 307 (हत्या की कोशिश) और 376 (बलात्कार) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

द इंडियन एक्सप्रेस की एक खबर के अनुसार, आरोपी की पहचान 42 वर्षीय कमरुजमां सरकार के रुप में हुई है। कमरुजमां पेशे से एक स्क्रैप ट्रेडर है और 3 बच्चों की पिता है। सरकार मूल रुप से मुर्शिदाबाद जिले का रहने वाला है, लेकिन 2 साल पहले ही पूर्वी बर्धमान के कलना इलाके में शिफ्ट हुआ है। कमरुजमां पर आरोप है कि वह बिजली का मीटर चेक करने के बहाने घर में मौजूद अकेली महिलाओं को अपना शिकार बनाता था। आरोपी का शिकार एक महिला ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि बीते मार्च महीने की एक दोपहर में वह अपने 8 माह के बच्चे के साथ घर में मौजूद थी। उसका पति खेतों पर काम करने गया था। इसी बीच आरोपी उसके घर पहुंचा और बिजली का मीटर चेक करने की बात कही। इस पर महिला ने उसे घर में आने की अनुमति दे दी।

घर में घुसते ही आरोपी ने महिला पर हमला कर दिया और स्टील के एक तार से उसका गला घोटनें की कोशिश की और महिला का सिर फर्श से कई बार पटका। महिला ने कुछ होश खोया तो आरोपी ने महिला को मरा समझकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश शुरु कर दी। तभी महिला को होश आया तो उसने शोर मचा दिया। इससे आरोपी घबरा गया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बीती 2 जून को आरोपी को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही आरोपी के हमले में बची महिलाओं से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने स्केच तैयार कराया था, जिससे भी आरोपी को पकड़ने में मदद मिली। पुलिस का कहना है कि आरोपी अक्सर वारदात के लिए दोपहर का वक्त चुनता था क्योंकि दोपहर के वक्त घर के लोग काम के सिलसिले में बाहर होते हैं। इसके साथ ही जो मकान थोड़ा सुनसान जगह पर होता था, आरोपी उसे निशाना बनाता था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने हत्या के तुरंत बाद दो महिलाओं के साथ सेक्स किया और इतना ही नहीं उनके निजी अंगों के साथ अमानवीय कृत्य किया। पुलिस को साल 2013 में हुई एक हत्या के मामले में भी कमरुजम्मां सरकार के संलिप्त होने के सबूत मिले हैं। आरोपी ने 20 साल से लेकर 75 साल तक की महिलाओं को अपना निशाना बनाया। कमरुजम्मां की पत्नी जहांआरा का कहना है कि “वह दोपहर में बाहर जाता था, लेकिन हमें इसका अंदाजा नहीं था कि वह महिलाओं की हत्या करने के लिए बाहर जाता है। उसके लौटने के बाद भी उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं दिखा, जिससे कि शक हो। यदि उसने कुछ गलत किया है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।”