पश्चिम बंगाल के बशीरहाट के नबीगंज में एक नाबालिग लड़की प्रेमी के घर पहुंच शादी के लिए धरने पर बैठ गई। शादी की जिद पर अड़ी इस लड़की के धरने पर बैठने के बाद जमकर तमाशा हुआ जिसके बाद पुलिस को मामले में दखल देना पड़ा। पुलिस आने के बाद मामला शांत हुआ।

दरअसल, बताया जा रहा है कि लड़की की उम्र 17 साल है और लड़के की उम्र 21 साल दोनों प्रेम संबंध में है। लड़की की जिद है कि वह लड़के से शादी करना चाहती है लेकिन लड़के का कहना है कि लड़की नाबालिग है ऐसे में वह उससे शादी नहीं कर सकता। लड़की ने जिद के चलते लड़के घर धरना दे दिया।

लड़की कुमिरमारी की रहने वाली है और वह अपने रिश्तेदार के घर आई थी जिसके बाद उसका महादेव सरदार के साथ प्रेम प्रसंग शुरू हुआ। दोनों का प्रेम प्रसंग अच्छा चल रहा था। लड़की का कहना है कि महादेव ने उससे शादी का वादा किया था लेकिन कुछ दिन बाद उसने ये वादा तोड़ दिया। लड़की को जब कोई रास्ता नहीं सूझा तो उसने महादेव के घर धरना दे दिया।

मामला जब तूल पकड़ा तो पुलिस को आना पड़ा। पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच रजामंदी कराई और तय किया गया कि लड़की जब 18 साल की हो जाएगी तो दोनों की शादी कराई जाएगी। पुलिस के इस बयान के बाद लड़की अपने घर वापस लौट गई।