पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर विधानसभा चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस के नेताओं को परेशान करने की साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने आश्चर्य जताया कि कहीं चुनाव आयोग उनके इशारे पर तो काम नहीं कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि शाह अपनी रैलियों में कम भीड़ से हताश हो गए हैं।

ममता ने यह आरोप भी लगाया कि भाजपा उनकी हत्या की साजिश रच रही है क्योंकि पूर्ब मेदिनीपुर के नंदीग्राम में पिछले सप्ताह उनके घायल होने के बाद चुनाव आयोग ने उनके सुरक्षा निदेशक विवेक सहाय को हटा दिया। नंदीग्राम में अपने ऊपर हुए कथित हमले का जिक्र करते हुए बनर्जी ने कहा कि कोई भी उन्हें भाजपा के खिलाफ अपनी लड़ाई आगे ले जाने से नहीं रोक पाएगा।

तृणमूल प्रमुख ने यहां एक रैली में कहा, ‘अमित शाह हताश हो गए हैं क्योंकि उनकी रैलियों में भीड़ नहीं जुट रही है। देश चलाने के बजाय वह कोलकाता में बैठे हैं और तृणमूल कांगेस के नेताओं को परेशान करने की साजिश रच रहे हैं। वे चाहते क्या हैं? क्या वे सोचते हैं कि वे मुझे मार कर यह चुनाव जीत लेंगे। वे गलती पर हैं।’

उन्होंने सवाल किया, ‘क्या अमित शाह चुनाव आयोग को चला रहे हैं? उसकी (आयोग की) स्वतंत्रता को को क्या हुआ? मेरे सुरक्षा निदेशक (विवेक सहाय) को (आयोग ने) उनके (शाह के) निर्देश पर हटा दिया।’ बनर्जी ने दावा किया कि गुवाहाटी से कल रात कोलकाता लौटे शाह ने प्रदेश भाजपा के साथ जो बैठकें की हैं, उनमें वह दरअसल साजिश रच रहे हैं क्योंकि अपनी रैलियों में कम भीड़ देखकर वह समझ गए हैं कि भाजपा विधानसभा चुनाव जीतने से मीलों दूर है।

इधर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने मंगलवार को कहा कि केन्द्र की सत्ता में आने के बाद भाजपा द्वारा लोगों की मानसिकता में लाए गए बदलावों के कारण मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सार्वजनिक रूप से ‘चंडी पाठ’ करने और मंदिर जाने को मजबूर हुई हैं। उन्होंने चुनावी राज्यों में दर्शन के लिए मंदिर जाने को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा।

पुरुलिया जिले के बलरामपुर में चुनावी रैली में भगवा दल के स्टार प्रचारक ने कहा कि भाजपा के 2014 में केन्द्र की सत्ता में आने से पहले लोगों का एक ऐसा धड़ा विकसित किया गया था जिसे लगता था कि मंदिर जाने से उनकी धर्मनिरपेक्ष छवि खराब हो जाएगी।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘बदलाव आया है… ममता दीदी भी मंदिर जा रही हैं और ‘चंडी पाठ’ कर रही हैं। क्या यह बदलाव नहीं है। यह नया भारत है। सभी को भगवान के पास जाना है।’ उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी चुनावों के दौरान मंदिर जाते हैं। और जब वह (राहुल गांधी) वहां जाते हैं तो पुजारी को उन्हें वहां बैठने का उचित तरीका बताना पड़ता है।’ ‘चंडी पाठ’ सनातन धर्म में मंत्रोच्चार के माध्यम से माता की पूजा की सबसे पुरानी और पूर्ण प्रक्रिया है।