महाराष्ट्र और झारखंड में बारिश से जुड़ी दुर्घटनाओं में 22 लोगों की मौत हो गई। वहीं तेज गर्मी से बेहाल उत्तर भारत में मौसम शुष्क बना हुआ है। महाराष्ट्र के पुणे में शनिवार (29 जून) को लगातार जारी बारिश के कारण एक आवासीय परिसर की 22 फुट ऊंची एक दीवार के उससे सटी झोपड़ियों पर गिर जाने की घटना में चार बच्चों सहित कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य घायल भी हो गए हैं। बता दें कि रात को झोपड़ियों में सो रहे कई लोग इसके चपेट में आ गए थे।
महाराष्ट्र में बारिश से गई कई की जानः पुणे की यह घटना कोंढवा में रात के 1:30 से 1:45 बजे के बीच हुई है। बताया जा रहा है कि मृतकों में मजदूर और उनके परिवार के सदस्य शामिल हैं, जिनमें से अधिकतर बिहार से थे, जो निर्माणाधीन आवासीय परियोजना में अस्थायी आश्रयों में रह रहे थे। बता दें कि यहां कई दिनों से गहरी खुदाई का काम चल रहा था। इस बीच मध्य रेलवे की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि मुंबई-पुणे प्रगति एक्सप्रेस, मुंबई-पुणे सिंहगड एक्सप्रेस, भुसावल-मुंबई पैसेंजर, पुणे-पनवेल पैसेंजर को शनिवार (29 जून) और रविवार (30 जून) को रद्द कर दिया गया है। इसके साथ भुसावल-पुणे एक्सप्रेस का मार्ग परिर्वितत कर उसे दौंड-मनमाड़ की तरफ से कर दिया गया है। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के अधिकारियों के मुताबिक शहर के विभिन्न हिस्सों से शॉर्ट र्सिकट के 39, पेड़ उखड़ने या टहनियां गिरने की 104 घटनाएं सामने आईं हैं। पुलिस ने बताया कि महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में शनिवार (29 जून) को आकाशीय बिजली गिरने की दो घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई है।
National Hindi News, 30 June 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
अगले दो दिन में भारी बारिश की चेतावनीः राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार (29 जून) की सुबह गर्मी काफी बढ़ गई और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार सुबह साढ़े आठ बजे हवा में आर्द्रता का स्तर 43 प्रतिशत रहा था। बता दें कि दक्षिण गुजरात में शनिवार (29 जून) को बेहद तेज वर्षा हुई है। मौसम विभाग के अनुसार क्षेत्र में ऊपरी चक्रवात प्रवाह निर्मित हो रहा है जिसके वजह से राज्य के दक्षिण और मध्य जिलों में अगले दो दिन में भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने वलसाड, नवसारी, सूरत, नर्मदा, छोटा उदेपुर और वडोदरा जिलों में अगले दो दिन में भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। वहीं दक्षिण गुजरात क्षेत्र में भी ऊपरी चक्रवात प्रवाह निर्मित हो गया है।
उत्तर भारत में भीषण गर्मी से परेशान हैं लोगोंः पंजाब और हरियाणा में अधिकतम तापमान सामान्य से दो से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया लेकिन बारिश नहीं हुई। वहीं भिवानी और नारनौल अत्यधिक गर्म स्थान रहे है। यहां तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस रहा। बता दें कि अमृतसर में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 42.4 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी से परेशान लोगों को बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। आंचलिक मौसम केन्द्र की रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में कुछ स्थानों को छोड़कर बाकी जगह उमस से भरी भीषण गर्मी पड़ रही है। वहीं पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के पूर्वी हिस्सों में कई स्थानों पर जबर्दस्त लू और तपिश का प्रकोप रहा है। बता दें कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के गोरखपुर और मेरठ मंडलों में दिन के तापमान में खासी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। इसके अलावा वाराणसी, फैजाबाद, इलाहाबाद, गोरखपुर, लखनऊ, मुरादाबाद, बरेली, आगरा तथा मेरठ मण्डलों में यह सामान्य से काफी ज्यादा रहा है। इस दौरान बांदा एक बार फिर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से आठ डिग्री ज्यादा था।
Bihar News Today, 30 June 2019: बिहार से जुड़ी हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
हिमाचल प्रदेश में ‘येलो वेदर वॉर्निंग’: मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में तीन जुलाई को गरज के साथ छीटें पड़ने के लिए ‘येलो वेदर वॉर्निंग’ जारी की है। ओडिशा सरकार ने अगले तीन दिन में भारी बारिश के अनुमान के बाद राज्य के 30 जिलों को चेतावनी जारी की है। बता दें कि शिमला मौसम विज्ञान केंद्र ने तीन जुलाई को राज्य के मध्य पहाड़ी क्षेत्रों के कई हिस्सों में गरज के साथ बौछारें पड़ने, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने का अनुमान व्यक्त किया है। मौसम विभाग ने इस खतरे वाले मौसम को देखते हुए लोगों को येलो चेतावनी जारी की है। ऐसे मौसम की वजह से ‘ बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान होने की आशंका है। येलो चेतावनी सभी मौसम चेतावनियों में सबसे कम खतरनाक होती है जिससे अगले कुछ दिनों में खराब मौसम की आशंका होती है। वहीं जम्मू में लू की स्थिति बनी हुई है। यहां तापमान औसत से चार डिग्री अधिक 43.1 डिग्री सेल्सियस रहा है। वहीं ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में मौसम सुहावना बना हुआ है। यहां अधिकतर तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस रहा है।
इन जगहों पर हुई बारिशः शनिवार को राज्य के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार असम, मेघालय, छत्तीसगढ़,केरल,उत्तरी आंतरिक कर्नाटक,अंडमान और निकोबार द्वीप, अरुणाचल प्रदेश और गोवा के अधिकतर स्थानों में बारिश हुई अथवा गरज के साथ छीटें पड़े। कोंकण ,गोवा और गुजरात के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई है।