हैदराबाद के एक कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कार्यकताओं ने जमकर बवाल काटा। गुरुवार को उन्होंने कॉलेज में जमकर तोड़-फोड़ की। आरोप लगाया कि कॉलेज में महिला प्रोफेसर्स के साथ यौन उत्पीड़न होता है। एबीवीपी ने यह विरोध एक ऑडियो क्लिप वायरल होने के बाद जताया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छह कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। मामला नारायणगुणा के नारायण जूनियर कॉलेज का है। हाल ही में यहां के छात्रों के बीच एक ऑडियो क्लिप वायरल हुई थी। वह दो साल पहले कॉलेज की प्राचार्य श्रीलता की आत्महत्या के मामले से जुड़ी बताई जा रही है। क्लिप से पता लग रहा है कि प्राचार्य ने अपने वरिष्ठ जयसिम्हा रेड्डी के उत्पीड़न से तंग आकर आत्महत्या की थी। घटना से पहले उसने वरिष्ठ सहयोगी पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। घटना के बाद अन्य महिला शिक्षिकाओं ने भी यौन उत्पीड़न को लेकर शिकायतें कीं, मगर हालात जस के तस हैं।
#WATCH ABVP workers vandalised property at Hyderabad’s Narayana College,allege DGM of the college has been harassing women teachers (2 Nov) pic.twitter.com/HKp1ai5HDd
— ANI (@ANI) November 3, 2017
गुरुवार को जब यह क्लिप एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच पहुंची, तो उनमें उबाल आ गया। वे कॉलेज के क्लासरूम्स में पहुंचे, जहां उन्होंने खूब बवाल काटा। कुर्सी-मेजों को फेंका और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। उनका आरोप है कि कॉलेज का डीजीएम वहां महिला प्रोफेसरों से उत्पीड़न करता है। कार्यकर्ताओं की मांग है कि इस मामले की जांच होनी चाहिए। ग्रुप के चेयरमैन पर भी जांच बिठाई जाए।