आंध्र प्रदेश से रोंगटे खड़े करने वाला वीडियो सामने आया है। बीच सड़क पर दिनदहाड़े पांच लोगों ने एक शख्स की जान ले ली। बर्बर तरीके से उस पर धारदार हथियारों से 14-15 बार वार किए, जिससे मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। घटना के दौरान लोगों में अफरा-तफरी मच गई थी। पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में घटना रिकॉर्ड हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनसे पूछताछ कर रही है।
मामला यहां के गुंटूर शहर का है। रविवार रात साढ़े आठ बजे रेस्त्रां के बाहर बास्वला वासु नाम का शख्स खड़ा हुआ था। अचानक सड़क पर एक स्कॉर्पियो कार गुजरती है। वह उसे टक्कर मारती है, जिससे वह वहां गिर जाता है। फिर गाड़ी से पांच लोग निकलते हैं और वे वासु पर हमला करने लगते हैं। वे उस पर तकरीबन 14-15 बार दरांती से वार करते हैं।
आरोपियों को हमला करते देख वहां मौजूद लोग भी घबरा जाते हैं। फिलहाल इस बर्बर हत्या के पीछे आपसी रंजिश वजह मानी जा रही है। सूचना पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस बर्बर हत्या के पीछे किसका हाथ था।