पंजाब पुलिस ने ‘वारिस पंजाब दे’ प्रमुख अमृतपाल सिंह को मोगा से गिरफ़्तार किया। सूत्रों ने रविवार (23 अप्रैल) को यह जानकारी दी। अमृतपाल सिंह 18 मार्च 2023 से फरार था। सूत्रों के अनुसार,अमृतपाल को गिरफ्त में लेने के बाद पंजाब पुलिस उसे अमृतसर ले गई है। खालिस्तानी समर्थक को यहां से असम ले जाया जाएगा।
पंजाब पुलिस ने अमृतपाल सिंह पर लगाया है NSA
खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह ने पंजाब में मोगा पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। पुलिस ने अमृतपाल सिंह और उसके संगठन ‘वारिस पंजाब दे’ के सदस्यों के खिलाफ 18 मार्च को कार्रवाई शुरू की थी, जब उसके समर्थकों ने अजनाला पुलिस थाने पर धावा बोल दिया था। अमृतपाल लगातार खालिस्तान की मांग उठाता रहा है और अजनाला कांड के बाद से ही पंजाब पुलिस उसकी तलाश में जुट गई थी।
अमृतपाल के समर्थक उसे ‘भिंडरावाले 2.0’ कहते हैं
अमृतपाल सिंह सबसे पहले 23 फरवरी 2023 को चर्चा में आया था। उसने अजनाला पुलिस स्टेशन में अपने करीबी को छुड़ाने के लिए हजारों समर्थकों के साथ हमला बोल दिया था। इस हमले में 6 पुलिसकर्मी जख्मी हुए थे। जिसके बाद उसने टीवी चैनलों में दिए इंटरव्यू में खालिस्तान की मांग की थी।
अमृतपाल सिंह खालिस्तानी अलगाववादी और आतंकवादी जरनैल सिंह भिंडरावाले का अनुयायी होने का दावा करता है। उसके समर्थक उसे ‘भिंडरावाले 2.0’ कहते हैं। अमृतपाल सिंह पर सरकारी कार्रवाई में बाधा डालने, शांति भड़काने जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं। पंजाब पुलिस ने उस पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) भी लगाया है।
NRI किरणदीप कौर से की है शादी
अमृतपाल सिंह वारिस पंजाब दे का प्रमुख है। इस संगठन को एक्टर दीप सिंधु ने शुरू किया था, जिनका साल 2022 में सड़क हादसे में निधन हो गया था। दीप सिंधु की मौत के बाद अमृतपाल सिंह इस संगठन का प्रमुख बन गया। अमृतपाल सिंह का जन्म 1993 में पंजाब के जल्लूपुर खेरा में हुआ था। अमृतपाल सिंह खुद को सिख समुदाय का प्रतिनिधि बताता है और अलग खालिस्तान की मांग करता है। उसने कुछ ही वक्त पहले ब्रिटेन में रहने वाली एनआरआई किरणदीप कौर से शादी की है।
दुबई से भारत लौटकर बना ‘वारिस पंजाब दे’ का प्रमुख
वारिस पंजाब दे प्रमुख खुद को आध्यात्मिक नेता बताता है। उसका कहना है कि वह युवाओं को ड्रग्स के जाल से निकालकर मानेगा। जिसके बाद पंजाब और भारत के अन्य हिस्सों में उसके फॉलोअर्स की संख्या बढ़ गई। अमृतपाल सिंह साल 2012 में काम के सिलसिले में दुबई गया था और हाल ही में वहां से भारत लौटा था। उसने 12वीं तक पढ़ाई की है। वह दुबई में रहकर ट्रांसपोर्ट का बिजनेस कर रहा था।