बिहार में एक बार फिर शर्मसार करने वाला वीडियो वायरल हुआ है। यह वीडियो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा का बताया जा रहा है। वीडियो में यह साफ दिख रहा है कि तीन युवक एक लड़की के साथ अश्लील हरकत कर रहे हैं। घटना चंडी थाना क्षेत्र की है। लड़की के पिता ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, चंडी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक लड़की पढ़ने के लिए प्रतिदिन नगरनौसा स्थित एक निजी विद्यालय में जाती थी। एक दिन स्कूल जाते वक्त उसका एक परिचित बुलाकर अपने साथ एक कमरे पर ले गया। यहां पहले से ही दो और लोग मौजूद थे। लड़की के पहुंचते ही तीनों ने उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी। उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। उनमें से एक ने इस पूरे घटना का वीडियो बना लिया। बाद में वीडियो दिखाकर लड़की को ब्लैकमेल करने और उसके साथ गलत काम करने की कोशिश की। लड़की ने इस पूरे घटना की जानकारी अपने परिजनों को दे दी। इसके बाद आरोपियों ने वीडियो वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद घटना लड़की के पिता ने तीन लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला की गंभीरता को देखते हुए एक आरोपी बोधी बिगहा निवासी सूरज राम के पुत्र नंदन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, कैला पंचायत के सरपंच पार्वती देवी का पुत्र राजाराम तथा उसका साथी पवन कुमार फरार हैं।
यह पहली बार नहीं है जब बिहार में इस तरह का वीडियो वायरल हुआ है। इससे पहले जहानाबाद के भरथुआ गांव में एक लड़की काे निर्वस्त्र कर उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश करने का वीडियो वायरल हुआ था। इस मामले में पुलिस ने 11 आरोपितों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद गया जिले में एक लड़की का दुष्कर्म करने का वीडियो वायरल हुआ था। औरंगाबाद जिले में दोस्त के साथ किला घूमने गई लड़की के साथ दुर्व्यवहार का वीडियो वायरल हुआ। इन सब मामलों पुलिस भले ही तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लेती है, लेकिन समाज में लड़कियों के साथ दुर्व्यवहार कर वीडियो वायरल करने का मामला बढ़ता जा रहा है। सीएम नीतीश कुमार के गृह जिले की इस घटना ने एक बार फिर बिहार को शर्मसार किया है।