इधर राजस्थान में दो महिला वकील आपस में भिड़ गईं। अजमेर के जिला कलेक्ट्रेट परिसर में दोनों महिला वकीलों के बीच किसी बात पर पहले कहासुनी हो गई। लेकिन जल्द ही यह कहासुनी मारपीट और गुत्थमगुत्थी में तब्दील हो गई। इस मारपीट का एक वीडियो भी वायरल हुआ है। वीडियो में नजर आ रहा है कि दोनों महिला वकील मारपीट करते-करते कलेक्ट्रेट परिसर में जमीन पर गिर गईं हैं। जमीन पर गिरने के बावजूद भी दोनों एक दूसरे को छोड़ने के लिए तैयार नहीं हैं। इस मारपीट के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में कोई महिला पुलिसकर्मी नजर नहीं आई जो जमीन पर गिरी इन महिलाओं को अलग कर सके। काफी देर तक यह झगड़ा होता रहा और लोग तमाशबीन बने रहे।
बड़ी मुश्किल से कुछ देर बाद लोगों ने उन्हें किसी तरह अलग कराया। दोनों महिला वकीलों का नाम पुष्पा पवांर और विजयलक्ष्मी बताया जा रहा है। जब लोगों ने किसी तरह इन्हें अलग कराया तो इनमें से एक महिला वकील विजयलक्ष्मी ने पानी की टंकी में कूद कर जान देने की कोशिश की। महिला ने दौड़ कर पानी की टंकी में छलांग लगा दी। हालांकि टंकी में पानी कम था। किसी तरह वहां मौजूद लोगों ने विजयलक्ष्मी को बाहर निकाला। बाद में वहां पहुंची पुलिस दोनों वकीलों को थाने लेकर आई। घटना बुधवार (2 मई) की है।
यह है पूरा मामला: घटना के बारे में बतलाया जा रहा है कि महिला एडवोकेट विजयलक्ष्मी और पुष्पा पवांर कलेक्ट्रेट परिसर में ही स्टांप बेचने और नोटरी का काम करती हैं। मिली जानकारी के मुताबिक पुष्पा ने अपने मोबाइल फोन से कलेक्ट्रेट परिसर में ही विजयलक्ष्मी की फोटो खींच ली। इस बात की जानकारी जब विजयलक्ष्मी को हुई तब वो काफी नाराज हो गईं। नाराज विजयलक्ष्मी से पुष्पा की बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह बहस मारपीट में बदल गईं। दोनों के महिला होने की वजह से वहां मौजूद लोग उन्हें छुड़ाने से कतराते रहे। बाद में कुछ महिलाओं ने आकर दोनों महिलाओं को अलग कराया। विजयलक्ष्मी ने पुष्पा पर आरोप लगाया कि उसके पास लाइसेंस नहीं है फिर भी वो यहां बैठकर स्टांप बेचने का काम करती है।
