केरल में तिरुवनंतपुरम में एक बुजुर्ग महिला सड़क हादसे का शिकार हो गई। अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मारी थी, जिसके बाद वह काफी देर तक सड़क किनारे पड़ी रही। हैरानी की बात है कि उस दौरान वहां से कई लोग और वाहन गुजरे, मगर किसी ने भी आगे आकर उसकी मदद करना मुनासिब न समझा। लोग तमाशबीन बने उस महिला को देख रहे थे, जबकि वह दर्द से सड़क पर पड़ी तड़प रही थी। हालांकि, भीड़ जुटने के कुछ देर बाद वहां से पीसीआर गुजरी, जो पीड़िता को नजदीक के अस्पताल लेकर गई। यह पूरा घटनाक्रम पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हो गया, जिसकी फुटेज अब सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।
एएनआई के मुताबिक, मामला यहां के कड़ाक्कावूर का है। घटना से जुड़ी एक मिनट 22 सेकंड की क्लिप में सड़क पर बुजुर्ग महिला पड़ी थी, जिसका सामान भी बिखरा था। आसपास से गाड़ियां गुजर रही थीं। लोग निकल रहे थे, मगर कोई उसकी मदद को आगे नहीं आया। कुछ देर बाद भीड़ में से एक शख्स ने बाकी लोगों को इस बारे में जानकारी दी। फिर और लोग मौके पर जुटे, जिसके बाद उस महिला को अस्पताल ले जाया गया।
#WATCH Kadakkavoor:A 65-year-old woman hit by a vehicle kept lying injured on a busy road for several minutes, was later taken to hospital in a Police car. The accused driver has been arrested #Kerala (video source: unverified) pic.twitter.com/WAr719Wr7P
— ANI (@ANI) March 28, 2018
पुलिस सूत्र के अनुसार, “हमें हादसे के बारे में जानकारी मिली थी। हम वहीं से गुजर रहे थे। भीड़ देखी, तो रुके। फौरन 65 वर्षीय महिला को वहां से अस्पताल ले जाया गया, जिसके बाद उसे मंगलवार (27 मार्च) को तिरुवनंतपुरम मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।” पुलिस ने इस संबंध में 20 वर्षीय एक शख्स को पकड़ा है, जो घटना के दौरान दोपहिया वाहन चला रहा था। उसके साथ तब पिछली सीट पर दो और लोग भी बैठे हुए थे। तीनों ने हादसे के वक्त हेल्मेट भी नहीं पहना हुआ था।