कांग्रेस पार्टी के एक नेता का हैरान करने वाला वीडिया सामने आया है। नेता इसमें हंसिया लिए था और किसी को गंदी-गंदी गालियां देता नजर आ रहा था। वह स्थानीय भाषा में उस दौरान जोर-जोर से चिल्ला रहा था। नेता का यह वीडियो सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इस पर कांग्रेस और उस नेता की कड़ी निंदा कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह मामला कर्नाटक के मदिकेरी इलाके में एस.आर पेट्रोल पंप का है। तेज कुमार यहां पर कांग्रेस पार्टी से नेता हैं। वह राज्य सरकार में ऊर्जा मंत्री के करीबी भी माने जाते हैं। यही कारण है कि वह कोडलीपेट डीके शिवकुमार फैंस एसोसिशन के अध्यक्ष हैं। घटना से जुड़े दो वीडियो सामने आए हैं, जिनमें कांग्रेसी नेता हाथ में हंसिया लिए थे। वह उन लोगों को धमका रहा था, जो चिट फंड कंपनी से धोखा खाए हुए थे। पीड़ित अपने पैसे की मांग कर रहे थे, जिस पर नेता आग-बबूला हो गया और हमले पर उतारू हो गया।

एक मिनट 28 सेकेंड्स की इस क्लिप में एक सफेद कमीज में एक शख्स नजर आ रहा था। उसके हाथ में हंसिया थी। वह पेट्रोल पंप पर खड़ा था। पास में एक कार और अन्य व्यक्ति भी थे। शख्स इस दौरान स्थानीय भाषा में कुछ बड़बड़ा रहा था। पहले तो वह कार की ओर गया और कुछ बोलने लगा। अचानक उसकी नजर घटना को कैमरे में कैद करने वाले पर गई। फौरन यह देखते ही वह हंसिया लेकर रिकॉर्डिंग करने वाले की ओर हमला करने लगा। शुरू नें उसने जमीन से गिट्टी-पत्थर उठाकर कैमरे की ओर फेंके बाद में हंसिया फेंककर मारा। अच्छी बात यह रही कि इस हमले की कोशिश में कोई घायल नहीं हुआ।

उधर, पुलिस का कहना है कि ये वीडियो एक महीने पुराने हैं। यहां के कई लोगों ने नेता की चिट फंड कंपनी में पैसे निवेश किए थे। लेकिन उसने कुछ निवेशकों को पैसे नहीं लौटाए थे। वे इसी संबंध में उसके पेट्रोल पंप पहुंचे थे। हालांकि, पुलिस ने शिकायत न मिलने के कारण अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की है। बता दें कि यह पहला मामला नहीं जब कोई राजनेता इस प्रकार की हरकत करते नजर आया हो। 16 फरवरी को के.आर पुरम ब्लॉक के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष नारायण स्वामी ने बृहत बेंगलुरू महानगर पालिका वॉर्ड के दफ्तर में आग लगाने की धमकी दी थी। घटना से जुड़े वीडियो में वह वहां के दफ्तर में केरोसीन छिड़कते नजर आ रहे थे, जिसके बाद 24 फरवरी को उन्हें सरेंडर करना पड़ा था।