उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में 11 साल की बच्ची को अगवा करने, मारपीट करने के बाद यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। इस घटना में छह लोगों के शामिल होने का आरोप है। पुलिस का दावा है कि आरोपी लड़की के पड़ोसी है। इनका आपस में घर के पास नाली बनाए जाने को लेकर विवाद था।

मेडिकल रिपोर्ट में लड़की के शरीर पर जख्म के निशान मिले हैं लेकिन उसके प्राइवेट पार्ट्स पर ऐसे कोई जख्म के निशान नहीं हैं। पुलिस पैथोलोजिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। इसके बाद ही बच्ची के साथ रेप होने की पुष्टि हो पाएगी। पुलिस का कहना है कि उसने रविवार को इस मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

एसपी राजीव नारायण मिश्रा ने कहा, ‘बच्ची की मेडिकल रिपोर्ट में न तो रिपोर्ट की पुष्टि की गई है और ना ही इससे इनकार किया गया है। इस बात की पुष्टि के लिए पैथोलोजिकल जांच के रिपोर्ट के बाद पुष्टि हो पाएगी। आरोपी और पीड़ित परिवार के बीच नाली के निर्माण को लेकर विवाद था। चार आरोपियों को अभी तक गिरफ्तार किया गया है जबकि अन्य अभी फरार है।’

पुलिस ने बताया कि लड़की की मां ने शनिवार को पुलिस को इस मामले में लिखित शिकायत दी थी। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। एक पुलिस अधिकारी ने नाम ना छापे जाने की शर्त पर बताया, ‘दोनों परिवार पड़ोसी होने के साथ ही रिश्तेदार भी हैं। करीब 10 दिन पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। लड़की के परिवार वाले एक नाली का निर्माण कर रहे थे।

शुक्रवार रात काफी बहस के बाद जब लड़की घर पर अकेली थी उस समय 6-7 लोग उनके घर पहुंचे। उन लोगों ने लड़की को घसीट कर घर से निकाला। घायल लड़की को बाद में बाहर छोड़ दिया गया। वहां से स्थानीय लोगों ने उसे घर पहुंचाया।’

पुलिस अधिकारी ने यह भी बताया कि सूचना मिलने के बाद लड़की के परिवार वाले जो पास के गांव गए थे, तुरंत लौटे और लड़की को अस्पताल लेकर गए। अधिकारी ने कहा,’हम भी थाने पहुंचे और देखा की लड़की के शरीर पर जख्म के निशान है। उसके कपड़े पर भी खून के धब्बे थे। पीड़ित और लड़की एक ही समुदाय के हैं।’