उत्तरखंड के उत्तरकाशी में हरियाणा के रहने वाले संजय सिंह नामक एक व्यक्ति ने मात्र छह घंटे में 15 हजार 949 पुशअप करके गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में अपना नाम दर्ज करवाया है। उन्होंने यह कारनामा उत्तराकाशी के रामलीला मैदान में चल रहे गुरु संत गोपालमणि के गो कथा मंच पर यह रिकार्ड बनाया। इस मौके पर गोल्डन बुक अॉफ इंडिया के प्रभारी आलोक कुमार भी मौजूद थे। संजय के इस रिकार्ड के बाद गौ आंदोलन के प्रणेता संत गोपालमणि ने संजय को रिकार्ड सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। 22 वर्षीय संजय ने वृहस्पतिवार की सुबह साढ़े आठ बजे से पुशअप करना शुरू किया और लगातार ढ़ाई बजे तक पुशअप करते रहे। इस दौरान उन्होंने 15 हजार 949 पुशअप किए। उनका इरादा लगातार 10 घंटे पुशअप करने का था, लेकिन तबीयत खराब होने की वजह से उन्होंने छह घंटे की पुशअप किया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इससे पहले कुलदीप सैनी नाक के एक व्यक्ति ने 21 जून को छह घंटे में 10 हजार 832 पुशअप का रिकार्ड बनाया था।
हरियाणा के रहने वाले संजय सिंह बचपन से ही पहलवानी करते थे। वर्ष 2008 में वे संत गोपाल मणि जी की कथा सुनने के बाद गौ सेवा में जुट गए। साथ ही प्रतिदिन पहलवानी का लगातार अभ्यास शुरू कर दिया। इसी साल 21 मार्च को उन्होंने एक घंटे में चार हजार 265 पुशअप करऑस्ट्रेलिया के पहलवान कार्लटन विलियम का रिकार्ड तोड़ा था। उनका कहना है कि श्री गुरूजी गोपाल मणि जी महाराज का आशीर्वाद, गौमूत्र व गौदूध की खीर का दिव्य पान की ताकत और आप सभी का प्यार व आशीर्वाद ने ही मुझे विश्व का एकमात्र शुद्ध शाकाहारी नेचुरल अल्टीमेट पहलवान बनाया है। मेरा मकसद गाय को राष्ट्र माता घोषित करवाना है। गाय के दूध व उससे बने उत्पादों को बढ़ावा देना व युवाओं को नशे के दलदल से निकालना है।
संजय पहलवान सोशल मीडिया पर भी एक्टिव हैं। यहां उन्होंने अपना परिचय गौ सेवक के रूप में दिया है। उनका कहना है कि आज मैं जो कुछ भी हूं, गौमाता के दूध और गौमूत्र के सेवन से हूं। मेरा एक ही विचार और संकल्प है गौ सेवा। गौमाता को राष्ट्रमाता बनाना। वे हमेशा गौमात के लिए लोगों को फेसबुक के माध्यम से प्रेरित करते रहते हैं।