Uttarakhand News: उत्तराखंड के चमोली जिले के थराली इलाके में तीन घरों में हुए भूस्खलन में चार लोगों की मौत हो गई और एक घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने शनिवार (22 अक्टूबर, 2022) को यह जानकारी दी। थराली एसडीएम रवींद्र जुवंता ने कहा कि पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीमों को मौके पर भेजा गया है। राहत कार्य जारी है।
हादसे में मरने वालों में एक ही परिवार के चार लोग के नाम- देवानंद (57) पुत्र माल दत्त सती, बचुली देवी पत्नी माल दत्त सती (75), घनानंद पुत्र माल दत्त सती (45) और सुनीता देवी (37) पत्नी घनानंद शामिल हैं।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने शासन-प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पहाड़ी से हो रहे भूस्खलन की सूचना और विस्थापन की मांग लंबे वक्त से लोग कर रहे हैं। करीब एक साल से भूस्खलन हो रहा है। इसके बाद भी स्थानीय प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। अगर प्रशासन हमारी मांगों पर ध्यान देता तो यह हादसा नहीं होता। स्थानीय लोगों ने बताया कि पूरे गांव में तकरीबन 80 परिवार रहते हैं। गांव के जिस क्षेत्र में भूस्खलन का खतरा रहता है, उस ओर करीब 30 परिवार निवास करते हैं।
थराली विधायक बोले- हादसे के संबंध में जिला प्रशासन से की है बात
थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने बताया कि रात को वो बद्रीनाथ थे। उनको पैनगढ़ गांव में हादसे की सूचना मिली। उन्होंने कहा कि पैनगढ़ गांव के ऊपर पहले से ही बहुत बड़ा स्लाइड जोन था। रात को काफी मलबा आने से यह हादसा हुआ है। उसमें एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में मैंने जिला प्रशासन और मंत्री जी से बात की है। साथ ही उनसे कई चीजों को लेकर आग्रह किया है।
बता दें, पैनगढ़ गांव भूगर्भीय नजरिए से संवदेनशील है। पांच साल पहले भी यहां ऊपर की पहाड़ियों पर दरारें आ गईं थी, जो बाद में और ज्यादा बढ़ गई थीं। पिछले साल बरसात के मौसम में बारिश की वजह से यहां के कई परिवारों को दूसरे स्थान पर टेंट में भेजा गया था।