उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत और उनकी पत्नी के पास करीब साढ़े पांच करोड़ रुपए की चल और अचल संपत्ति है जबकि दपंति पर करीब दो करोड़ रुपए की देनदारियां भी हैं। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय को मुहैया कराए अपने संपत्ति के ब्योरे में मुख्यमंत्री रावत ने बताया कि उनके खुद के पास 1.64 करोड़ रुपए की चल संपत्ति है और अल्मोड़ा जिले के मोहनरी गांव में संयुक्त स्वामित्व वाले पैतृक मकान में दो कमरे, गांव में ही कृषि भूमि और उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में इंदिरापुरम में एक प्लॉट के रूप में 75 लाख रुपए की अचल संपत्ति है।

पिछले दिनों उपाध्याय के राज्य के सभी मंत्रियों, विधायकों और नेताओं को अपनी संपत्ति का ब्योरा सार्वजनिक करने के निर्देशों के क्रम में मुख्यमंत्री ने सबसे पहले अपनी संपत्ति की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने बताया कि उनके पास करीब पचास हजार रुपए की कीमत की सोने की दो और चांदी की एक अंगूठियां है जबकि 1.42 करोड़ के फिक्सड डिपोजिट और अन्य बैंक योजनाओं में जमा हैं और संसद भवन में भारतीय स्टेट बैंक में चल रहे उनके बचत खाते में इस साल 31 मार्च को 15,573 रुपए की राशि थी।

रावत का पिथौरागढ़ जिले के धारचूला में नैनीताल बैंक में एक चालू खाता भी है जिसमें इस साल 29 मई को 3,18,823 रुपए की राशि थी। मुख्यमंत्री के पास छह लाख रुपए के नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट और 12 लाख रुपए के एश्योर्ड सम वाली भारतीय जीवन बीमा निगम की तीन पालिसियां भी हैं।

रावत ने अपने ब्योरे में बताया है कि उन्होंने संसद भवन की भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से 50,20,034 रुपए का कर्ज भी लिया हुआ है। मुख्यमंत्री की पत्नी रेणुका के पास करीब 3.05 करोड़ रुपए की संपत्ति है।