एक तरफ तो उत्तर प्रदेश पुलिस एक के बाद एक बदमाशों को मुठभेड़ में मार गिराकर दावा कर रही है कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था एकदम ठीक है। वहीं, दूसरी ओर पुलिस में शिकायत करने के बाद दबंगों द्वारा एक महिला की बेहरमी से पिटाई कर दी जाती है और कोई भी आगे आकर महिला की मदद नहीं करता। यह मामला बागपत जिले का है, जहां पर एक महिला ने कुछ दबंगों के खिलाफ थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद आरोपी भड़क गए और उन्होंने महिला के घर में घुसकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। दबंगों ने इस अपराध को दिनदहाड़े अंजाम दिया, लेकिन आस-पास के लोगों ने सामने आकर महिला की मदद करने की कोशिश तक नहीं की।

इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ऐसा बताया जा रहा है कि इस वीडियो को महिला की बेटी ने रिकॉर्ड किया था। इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे कुछ बदमाश जबरन महिला के घर में दाखिल होते हैं और वे उसे पीटने लगते हैं। महिला उन्हें घर से बाहर धकेलने की कोशिश करती है, लेकिन आरोपी उसे खींचकर घर से बाहर ले जाते हैं। इसके बाद महिला की और पिटाई की जाती है। इधर, छत पर खड़ी महिला की बेटी यह सब अपने फोन के कैमरे में रिकॉर्ड कर लेती है।

आपको बता दें कि ऐसा ही एक मामला ललितपुर में देखने को मिला था, जहां पर दबंगों ने एक महिला को निर्वस्त्र कर पेड़ से बांधकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, महिला का जुर्म केवल इतना था कि अपने पति को ढूंढ रही इस महिला ने एक शराब विक्रेता से अपने पति के बारे में पूछ लिया था। शराब विक्रेता और उसके बेटे ने महिला के साथ गाली-गलौच किया और जब महिला ने इसका विरोध किया तो उन्होंने उसकी पिटाई कर दी। महिला ने इसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।