उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक महिला ने पति और साढू के बीच वाइफ स्वैपिंग (पत्नी की अदला-बदली) का विरोध किया तो उसकी हत्या कर दी गई। करीब पांच दिन पहले किए इस हत्याकांड का खुलासा उस वक्त हुआ जब पति ने बुधवार (5 दिसंबर, 2018) को पुलिस के समक्ष अपना गुनाह कबूल कर लिया। मामले में पुलिस ने आरोपी पति और अन्य पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। खबर के मुताबिक मृतक महिला का पति उसकी बहन को बेहद पसंद करता था और उसकी बहन का पति उसे पसंद करता था। महिला की बहन और अन्य दो वाइफ स्वैपिंग के आइडिया के सहमत थे मगर मृतक महिला इसके खिलाफ थी। उसने बहन के पति की मांग का विरोध किया। बहनोई ने जबरदस्ती की तो उसे थप्पड़ जड़ दिया। पति और बहनोई द्वारा वाइफ स्वैपिंग की मांग ठुकराने पर दोनों आरोपियों ने उसकी हत्या की साजिश रच डाली।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पीड़िता लक्ष्मी की हत्या गला दबाकर कर दी और शव को करीब पांच दिन पहले उसके मायके से करीब 100 मीटर की दूरी दफना दिया गया। लक्ष्मी की हत्या को उस वक्त अंजाम दिया गया जब वो अपने मायके माता-पिता से मिलने गई। पुलिस ने बताया कि लक्ष्मी 30 नवंबर को ससुराल से जाने के बाद से लापता थी। उसकी अविवाहित बहन लक्ष्मी को खोजने के लिए बाहर निकली तो उसका शव बरामद हुआ। बाद में लक्ष्मी के अन्य परिजनों ने बताया कि नगीना शहर में आजाद कॉलेनी निवासी लक्ष्मी के पति विशाल कुमार ने 30 नवंबर को सुबह के वक्त उसे फोन किया। लक्ष्मी पति से मिलने के लिए बाहर चली गई। शक के आधार पर बाद में ससुरालवालों ने विशाल के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर पुलिस ने विशाल से सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
रायपुर सादात स्टेशन हाउस ऑफिसर राजेंद्र सिंह के मुताबिक, ‘आरोपी विशाल कुमार ने बताया कि वो अपनी पत्नी लक्ष्मी को पसंद नहीं करता था। मगर उसकी शादीशुदा बहन को खूब पसंद करता था। वह लक्ष्मी से छुटकारा पाना चाहता था। इसके उलट विशाल का साढू लक्ष्मी का खूब ख्याल रखता, लेकिन लक्ष्मी उसे घास नहीं डालती थी। कुछ दिन पहले आमानवीय बर्ताव करने पर उसे थप्पड़ तक जड़ दिया। तब से साढू योगेंद्र काफी नाराज था।’
राजेंद्र सिंह के मुताबिक विशाल और योगेंद्र ने बाद में लक्ष्मी की हत्या की योजना बनाई। योजना के मुताबिक विशाल ने लक्ष्मी को हाजीपुर गांव स्थित उसके मायके छोड़ दिया। इसके बाद विशाल ने एक अन्य शख्स सोनू, जिसने हत्या से पहले शराब का सेवन किया, के साथ जोड़ी बनाई। विशाल ने लक्ष्मी को फोन कर उसे घर से बाहर बुलाया। जहां तीन लोगों ने गला दबाकर लक्ष्मी की हत्या कर दी। पुलिस ने हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया गया है।