उत्तर प्रदेश के अयोध्या जंक्शन रेलवे स्टेशन पर 40 साल की महिला पुलिसकर्मी के सरयू एक्सप्रेस ट्रेन में घायल मिलने के मामले में कुछ नए अपडेट्स सामने आए हैं। यूपी STF ने एक प्रेस नोट जारी कर बताया है कि महिला पुलिसकर्मी पर कुछ अज्ञात लोगों ने हमला किया था जिनकी पुलिस को तलाश है। STF ने कुछ नंबर भी शेयर किए हैं जिनपर इन अज्ञात लोगों का पता बताने का अनुरोध किया गया है, साथ ही पहचान बताने वाले को 1 लाख रुपए दिए जाने की बात भी कही गई है।
क्या था मामला, STF ने क्या बताया है?
पिछले महीने अयोध्या जंक्शन रेलवे स्टेशन पर एक 40 साल की महिला पुलिसकर्मी सरयू एक्सप्रेस ट्रेन के अंदर जख्मी हालात में मिली थी। महिला पुलिसकर्मी के चेहरे पर एक गहरा कट था और उसके सिर पर भी चोट थी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक इस महिला पुलिसकर्मी की हालत अब स्थिर है। STF ने एक प्रेस नोट जारी कर पूरी घटना का विवरण दिया है।
प्रेस नोट में लिखा है, “महिला पुलिसकर्मी 30 अगस्त को फाफमऊ रेलवे स्टेशन, प्रयागराज से अपनी ड्यूटी पूरी कर सरयू एक्सप्रेस से आ रही थी। किन्ही कारणों से अयोध्या नहीं उतार पाने के बाद जब आखिरी स्टेशन पहुंच कर वह इस ट्रेन से सवार हुई तो कुछ अज्ञात लोगों ने महिला पुलिसकर्मी पर जान से मारने की नियत से हमला किया और उसे घायल अवस्था में सीट के नीच छोड़ भागे। जो भी इन अज्ञात लोगों की जानकारी साझा करेगा उसे 1 लाख रुपए का इनाम दिया जाएगा।”
पहचान बताने वाले को मिलेंगे 1 लाख
प्रेस नोट में कहा गया है कि इस मामले को अंजाम देने वाले लोगों की पहचान के संबंध में कुछ नंबर साझा किए गए हैं। जो कोई भी इनकी पहचान साझा करेगा उसे पुलिस महानिदेशक की ओर से एक लाख रुपए दिए जाएंगे।
इस मामले से जुड़ी हुई एक वीडियो सामने आई थी जिसे यात्रियों ने बनाया था। इस वीडियो में महिला पुलिसकर्मी दर्द से कराहती हुई दिख रही थी। पुलिस लगातार मामले की जांच में जुटी हुई थी।