अलीगढ़ पुलिस ने एक 55 वर्षीय महिला को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। महिला पर आरोप है कि उसने चार नाबालिग बच्चों के प्राइवेट पार्ट में मिर्च पाउडर डाली। एक अंग्रेजी अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि घटना दोपहर साढ़े 3 बजे की है। चारों नाबालिगों की उम्र 6 से 8 साल है। ये बच्चे आरोपी महिला की हमउम्र पोती के साथ घर के बाहर खेल रहे थे।
आरोपी मुन्नी देवी को शक था कि लड़कों ने उनकी पोती का यौन उत्पीड़न किया है। इसके बाद, वह चारों बच्चों को जबरन अपने घर के अंदर ले गई और उनके प्राइवेट पार्ट में मिर्च पाउडर डाल दिया। जब पड़ोसियों ने बच्चों के रोने की आवाज सुनी तो तुरंत मदद के लिए भागे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सभी पीड़ितों को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। डॉक्टरों ने उनके प्राइवेट पार्ट पर चोट की पुष्टि की है। पीड़ितों ने बताया कि उन्हें इस बात का कोई अंदाजा नहीं है कि आरोपी महिला ने उनके प्राइवेट पार्ट में मिर्च क्यों डाली। वहीं, पुलिस ने बताया कि जानबूझकर चोट पहुंचाने, बंधक बनाने आदि की धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।