कानपुर हिंसा को लेकर बीजेपी सासंद साक्षी महाराज ने कहा है कि अगर यूपी में शुक्रवार को पत्थर चलेंगे तो, शनिवार को बुलडोजर चलेगा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग विष घोलकर अस्थिरता फैलाना चाहते हैं, इसलिए जगह-जगह पर पत्थरबाजी की गई। उन्होंने कानपुर हिंसा में उन्नाव से बुलाई गई भीड़ को लेकर यह बात कही है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बाबा योगी आदित्यनाथ हैं, अगर शुक्रवार को पत्थर चलेगा तो शनिवार को बुलडोजर जरूर चलेगा। वहीं, बुलडोजर एक्शन को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने यूपी सरकार पर हमला बोला है।
उन्होंने कहा, “भारतीय जनता पार्टी के बुलडोजर को संविधान और कानून ही रोकेगा। जिस घर पर बुलडोजर चलाया है, उस घर में नगर निगम के टैक्स लिए जाते थे, तो सरकार टैक्स क्यों ले रही थी। कागजों में यह भी है कि जिन पर आरोप हैं उनके नाम पर घर ही नहीं था, उनकी पत्नी के नाम पर था। अब सवाल यह है कि क्या सरकार अपनी गलती स्वीकार करेगी। जिन अथॉरिटी ने उस पर बुलडोजर चलाया है, वो इन्हें घर बनवाकर देंगे।”
गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी को लेकर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, कानपुर, सहारनपुर समेत कई शहरों में हिंसात्मक प्रदर्शन हुए। प्रयागराज में हिंसा का मास्टरमाइंड बताए जा रहे जावेद मोहम्मद उर्फ पंप के घर पर बुलडोजर चलाया गया है।
इसके बाद, ओवैसी से लेकर अखिलेश यादव तक तमाम नेता बुलडोजर एक्शन को लेकर आपत्ति जता रहे हैं। उधर, योगी सरकार ने हिंसा से जुड़े 85 आरोपियों की हिट लिस्ट तैयार करवाई है, जिनके घरों पर बुलडोजर चल सकता है। वहीं, एक पुलिस अधिकारी का बयान आया है कि प्रयागराज पुलिस ने उपद्रव में शामिल दंगईयों की फोटो जारी कर दी है। एसएसपी ने कहा कि अगर ये आरोपी सरेंडर नहीं करते हैं या फिर पुलिस इन्हें गिरफ्तार नहीं कर पाती है तो इनके खिलाफ अदालत से एबीडब्ल्यू वारंट जारी करवाकर कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।