उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में समाजवादी पार्टी के एक नेता पर केस दर्ज किए जाने का मामला सामने आया है। सपा नेता पर ये केस किसी राजनीतिक रंजिश नहीं बल्कि पारिवारिक विवाद के मामले में दर्ज किया गया है। सपा नेता पर अपनी पत्नी की पिटाई करने और जिंदा जलाने की कोशिश करने का आरोप है। सपा नेता सौरभ सिंह की पत्नी सुनैना सिंह सेंगर ने उनके खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट समेत कई गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई है।

पत्नी सुनैना सिंह सेंगर ने सौरभ सिंह पर दहेज उत्पीड़न, जिंदा जलाने की कोशिश और मारपीट का आरोप लगाया है, जिसके बाद सपा नेता की मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही हैं। सुनैना सिंह सेंगर ने आरोप लगाया है कि सौरभ सिंह, उनके पिता और उनकी मां लंबे समय से दहेज की मांग करते रहे हैं और दहेज के नाम पर काफी परेशान करते हैं।

सुनैना सिंह सेंगर ने आरोप लगाया है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उनके साथ मारपीट की जाती है और जिंदा जलाने की कोशिश तक की जाती है। सौरभ सिंह की पत्नी ने आशंका जताई है कि जिस तरह से दहेज के लिए उनको बार-बार प्रताड़ित किया जाता है, उनकी कभी भी हत्या की जा सकती है।

इस मामले में पुलिस का कहना है कि केस दर्ज करने के बाद आगे की जांच शुरू कर दी गई है। प्रतापगढ़ की विश्वनाथगंज सीट से सौरभ सिंह सपा के टिकट पर यूपी चुनाव 2022 के चुनाव मैदान में उतरे थे। बताया जाता है कि पत्नी सुनैना सिंह सेंगर के यादव परिवार से नजदीकी रिश्ते हैं और इसी वजह से सौरभ सिंह को विधानसभा चुनाव में टिकट भी मिला था। वहीं, दहेज उत्पीड़न और मारपीट के आरोपों के बाद सपा नेता और उनके घरवालों की मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही हैं।

जानकारी के मुताबिक, केस दर्ज होने के बाद सौरभ सिंह फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। बता दें कि सुनैना और सौरभ सिंह की शादी 2017 में हुई थी।