केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री महेश शर्मा ने बुधवार को दावा किया कि उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा बहुमत की सरकार बनाएगी। बता दें कि महेश शर्मा गौतमबुद्ध नगर जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क उन्नयन योजना का लोकार्पण करने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान संवाददाताओं ने उनसे सपा में चल रहे विवाद को लेकर सवाल पूछा जिस पर उन्होंने कहा कि सपा का झगड़ा पार्टी का नहीं बल्कि परिवार का झगड़ा है। महेश शर्मा ने कहा कि सपा और बसपा दोनों पार्टियां आपस में नूराकुश्ती कर रही हैं। सपा ने 2012 के विधानसभा चुनावों से पहले वादा किया था कि सत्ता में आने पर पूर्ववर्ती बसपा सरकार के भ्रष्टाचार की जांच कराएगी। जबकि हुआ एकदम विपरीत, सरकार बनते ही सपा ने भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों की पदोन्नति कर दी।

सपा की उठा-पटक के बारे में पर महेश शर्मा का कहना है यह उनका आपसी मामला है। लेकिन सपा और बसपा ने जैसे उत्तर प्रदेश को बर्बाद किया है उससे परेशान राज्य की जनता का रूझान भाजपा की तरफ हुआ है। इसी के चलते उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनावों के बाद भाजपा प्रदेश में बहुमत की सरकार बनाएगी।

बता दें कि केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने बुधवार को उत्तर प्रदेश सहित गोवा, मणिपुर, उत्तराखंड और पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। अगर उत्तर प्रदेश कि करें तो यहां चुनाव 11 फरवरी से लेकर 8 मार्च तक होंगे मतदान की प्रक्रिया सात चरणों में पूरी होगी। लेकिन सभी राज्यों को नतीजे 11 मार्च को ही आएंगे।

उत्तर प्रदेश में इस बार माना जा रहा है दो पार्टियों में कांटे की टक्कर है। एक तरफ समाजवादी पार्टी है तो दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी है। लेकिन ऐसा नही है की बसपा और कांग्रेस इस रेस में पीछे हैं यह दोनों पार्टियां भी विधानसभा चुनाव में एड़ी चोटी का जोर लगाने में लगी है।