देश में 500 और 1000 रुपए के नोट को बंद किए जाने के फैसले के बाद नोटों को जलाई जाने और अलग-अलग जगहों पर नोट पाए जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। शुक्रवार को गंगा नदी में लाखों रुपए कीमत के नोट पाए गए हैं। जानकारी के मुताबिक, यूपी के मिर्जापुर की गंगा में 1000 के नोट फटे हुए मिले हैं। स्थानीय लोगों ने नोट देखकर पुलिस को इसकी सूचना दे दी है।
बोरी भरकर जलाए थे नोट:
इससे पहले यूपी के बरेली में 500 और 1000 रुपए के जले हुए नोट पाए गए थे। कथित तौर पर एक कंपनी के कर्मचारी बोरियों में भरकर नोटों को लाए और उसके बाद उन्हें जलाया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया, करेंसी नोटों को पहले फाड़ा गया, नष्ट करने की कोशिश की गई और फिर आग लगा दी गई थी।
मुंबई में कार में भरे मिले 600 करोड़ रुपए:
वहीं एक अन्य घटना में मुंबई की एक कार में कथित तौर पर 600 करोड़ रुपए भरे मिले हैं। सुचित्रा नाम की एक एक्सट्रेस और सिंगर ने ट्विटर पर इसकी एक वीडियो शेयर की है। वीडियो में कार से कुछ पुलिसवाले बड़ी संख्या में रकम बाहर निकालते दिख रहे हैं।
600 crores stashed in a vehicle in worli? Gosh #blackmoneycrackdown #DeMonetisation #IndiaFightsCorruption pic.twitter.com/83M928eK6i
— Suchitra Krishnamoorthi (@suchitrak) November 11, 2016
काले धन पर एक नजर
वर्ल्ड बैंक द्वारा जारी किए गए 1999 के आंकड़ों के मुताबिक, देश में मौजूद कुल जीडीपी का 20.7 प्रतिशत पैसा काला धन था। वहीं 2007 में इसका साइज बढ़कर 23.2 प्रतिशत हो गया। कुल 180 देशों में भारत का काला धन है। इसमें से 70 हजार करोड़ रुपए तो सिर्फ स्विस बैंक में ही है। इस बैंक में भारत का सबसे ज्यादा काला धन है। सभी बैंकों में कुल मिलाकर कितना काला धन है इस बात की जानकारी नहीं हो सकी है। ब्लैक मनी उस धन को कहा जाता है जो गलत तरीके से कमाया जाता है और जिसपर सरकार की कोई निगरानी नहीं होती और उसपर इनकम और बाकी टैक्स नहीं भरे जाते।