उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा का कुनबा बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को पार्टी में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का एक-एक विधायक शामिल हो गए। सहारनपुर की गंगोह सीट से कांग्रेस विधायक प्रदीप चौधरी और हरदोई की गोपामउ सीट से सपा विधायक श्याम प्रकाश ने भाजपा की सदस्यता ली। इस दौरान यूपी भाजपा अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य मौजूद थे। कुछ पूर्व विधायकों, सांसदों और अन्य नेता भी इस मौके पर भाजपा में शामिल हुए। मौर्य ने कहा कि इनके आने से 2017 में होने वाले विधानसभा चुनावों में पार्टी को फायदा होगा।
शुक्रवार को भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं में कांग्रेस से आए पूर्व मंत्री शिव गणेश लोधी, सपा से आए पूर्व श्यामलाल रावत, बसपा से आए पूर्व राज्यमंत्री हरगोविन्द सिंह कुशवाहा शामिल हैं। इनके साथ ही पूर्व कांग्रेस सांसद दीनानाथ कुशवाहा ने भी भाजपा का दामन थाम लिया। पिछले 15 दिन में बसपा, सपा और कांग्रेस के छह विधायक सहित एक दर्जन बड़े नेता भाजपा के पाले में आ चुके हैं। इनमें कांग्रेस के संजय जायसवाल, विजय दुबे व माधुरी वर्मा, बसपा के राजेश त्रिपाठी व बाला प्रसाद अवस्थी और सपा के शेर बहादुर सिंह शामिल हैं।
यूपी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे बसपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक भी भाजपा ज्वॉइन कर चुके हैं। बताया जा रहा है कि कई और विधायक व नेता भी भाजपा में शामिल होने की कोशिश में हैं।
