सरकारी दफ्तर की कथित लापरवाही और शिकायत की सुनवाई न होने से परेशान एक शख्स ने सरकारी अमले का ध्यान आकर्षित करने के लिए गुरुवार को अपने घर पर पाकिस्तान का झंडा फहराया। जिसके चलते पुलिस ने उसे गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। कानपुर के सीसामऊ इलाके के नेहरु नगर में रहने पर चंद्रपाल सिंह हाउस टैक्स और पानी का बिल ज्यादा आने के बाद से परेशान था। वह काफी समय से सरकारी दफ्तरों नगर निगम, जल विभाग और डीएम ऑफिस तक के चक्कर लगाकर थक चुका था। जिसके बाद उसने यह कदम उठाया। चंद्रपाल सिंह पेशे से ज्योतिषी है।
स्थानीय लोगों की ओर से पुलिस को इस संबंध में जानकारी मिलने के बाद चंद्रपाल को गिरफ्तार किया गया था। चंद्रपाल के खिलाफ आईपीसी की धारा 153 (a) के समेत अन्य धाराओं में मुकादमा दर्ज किया गया है। टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक सर्किल ऑफिसर सीसामऊ ब्रह्मानंद यादव ने कहा कि शख्स ने माना है कि उसने पाकिस्तान का झंडा लगाया था। सीसामऊ के स्टेशन ऑफिसर धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी कहना है कि उसने हताश होकर झंडा फहराया था। उसने दावा किया कि नगर निगम, जलकल विभाग, जिला मेजिस्ट्रेट के पास 8 साल से गुहार लगा रहा है। वह सीनियर अधिकारियों और मंत्रियों के सामने भी अपनी समस्या रख चुका है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं गई।
वीडियो: पाकिस्तान ने की सारी हदें पार; 8 अफसरों के नाम-तस्वीरें जारी कर उन्हें जासूस बताया
गौरतलब है कि इससे पहले इसी साल जुलाई महीने में बिहार के नालंदा जिले में भी एक घर में पाकिस्तान का झंडा फहराया गया था। झंडा बिहारशरीफ कस्बे के खराड़ी मोहल्ले के वार्ड नं 36 के एक मकान की छत पर फहराया गया। स्थानीय नागरिकों के मुताबिक, उन्होंने अनवारुल हक के मकान के ऊपर पाकिस्तान का झंडा लहराता देखा। जिसके बाद इस बात की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने नालंदा के घर की छत पर पाकिस्तानी झंडा फहराए जाने के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया था।
