उत्तर प्रदेश के हापुड़ में पंजाब नेशनल बैंक के अधिकारी तब चौंक गये, जब एक शख्स बैंक में जमा अपने 150 करोड़ रुपये निकालने बोरा लेकर पहुंच गया। घटना 31 मार्च की है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक मंगल सिंह (33) नाम का ये शख्स पीएनबी की गढ़ रोड़ स्थित शाखा पहुंचा और बैंक काउंटर पर बैठे स्टाफ से कहा कि उसे अपने खाते से 150 करोड़ रुपये निकालने हैं। यह शख्स चार बोरा लेकर बैंक पहुंचा था। शख्स ने निकासी फॉर्म भरा, और बैंककर्मी हैरानी से इसकी हरकतों को देखते रहे। कैशियर ने तुरंत इस घटना की जानकारी बैंक मैनेजर को दी। इससे पहले मंगल सिंह ने नगदी ले जाने के लिए पुलिस से अपने लिए सुरक्षा की मांग की थी।

बैंक मैनेजर को हैरानी तब हुई जब उसने मंगल सिंह के खाते को चेक किया। पता चला कि यह खाता 2016 से बंद पड़ा है और इसमें कोई रकम नहीं है। इसके बाद बैंक के सुरक्षा अधिकारियों ने उसे वहां से हटाने की कोशिश की। लेकिन यह शख्स यहां से जा ही नहीं रहा था। एक बार तो इस शख्स ने सुरक्षा गार्ड पर हमला कर दिया। इसके बाद बैंक मैनेजर को पुलिस बुलानी पड़ गई। पुलिस ने इस शख्स को तुरंत हिरासत में ले लिया। इसके बाद इस शख्स के घर से इसके परिवारवालों को बुलाया गया। इसके परिवार वालों का कहना है कि इस शख्स की मानसिक हालत ठीक नहीं है। बाद में पुलिस ने इस शख्स पर बिना कोई कार्रवाई किये इसे जाने दिया।

घटना के बाद बैंक की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस को अंदेशा है कि यह शख्स फिर से ऐसी बेवकूफी भरी हरकत कर सकता है। पुलिस ने मंगल सिंह के घरवालों से उसका ख्याल रखने को कहा है। अब इस शख्स के घरवाले इस शख्स का इलाज करवाने जा रहे हैं।