उत्तर प्रदेश के मुरादनगर में एक दुल्हन ने बहुत ही हिम्मत वाला काम करके दिखाया है। एक तरफ जहां महिलाएं छेड़छाड़ को नजरअंदाज कर देती हैं, वहीं दूसरी ओर मुरादनगर की इस दुल्हन ने छेड़छाड़ करने वाले दूल्हे के दोस्तों को न केवल सबक सिखाया, बल्कि दूल्हे से शादी करने से भी इनकार कर दिया। यह मामला जलालपुर रोड के गंगा विहार कॉलोनी का है। दूल्हन की शादी गौतमबुद्ध नगर के रहने वाले पवन वर्मा से तय हुई थी। 12 मार्च शादी के दिन जयमाला की तैयारियां हो रही थीं। जयमाला होने के बाद दूल्हे के दो दोस्त नए जोड़े के लिए रखी गई कुर्सियों पर आकर बैठ गए।

एक तरफ तो लोग दूल्हा-दुल्हन को बधाई और आशीर्वाद देने के लिए स्टेज पर आ रहे थे तो वहीं दूसरी ओर उनके पीछे बैठे दूल्हे के दोस्त दुल्हन को गलत तरीके से छू रहे थे। दुल्हन ने तुरंत ही इसके बारे में दूल्हे को बताया, लेकिन उसने अपनी होने वाली बीवी की बातों पर ध्यान नहीं दिया। इतना ही नहीं, दूल्हे ने दुल्हन को गाली देते हुए चुप रहने के लिए भी कहा। उसी दौरान दुल्हन को पता चला कि दूल्हे ने भी शराब पी रखी थी। इसके बाद दुल्हन ने यह सब अपने परिवार वालों को बताया।

इसी बीच, दूल्हे ने दुल्हन को रोकने की कोशिश की और उसे धमकी देते हुए कहा कि अगर वह किसी को कुछ बताती है तो वह उसके आपत्तिजनक फोटो को वायरल कर देगा। यह सब जानने के बाद दुल्हन के परिजनों और दूल्हे के परिवार वालों के बीच झड़प हो गई। दूल्हे की तरफ से आए सभी मेहमानों को मैरिज हॉल में बंधक बना लिया गया। इसके बाद हिंदू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष समेत दुल्हन पक्ष के हजारों लोग पुलिस थाने जा पहुंचे। दूल्हे के दोस्तों पर केस दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने दुल्हन पक्ष को आश्वासन दिया है कि आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।