उत्तर प्रदेश के बीजेपी विधायक ने कहा है कि वह ऐसे लोगों को पाकिस्तानी कहते हैं जो भारत माता की जय बोलने से कतराते हैं। रविवार (25 फरवरी) को बलिया में एक जनसभा में संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जो भारत माता की जय बोलने से कतराते हैं वो पाकिस्तानी हैं। उन्होंने कहा, “ऐसे लोगों को मैं पाकिस्तानी कहता हूं जो निरीह लोगों पर गोली चलाते हैं, ऐसे लोग को भी पाकिस्तानी कहते हैं, जो लोग भारत माता की जय बोलने से कतराते हैं, ऐसे लोगों को भी पाकिस्तानी कहते हैं।” ऐसा बयान देने वाले विधायक है बलिया जिले की बैरिया विधानसभा सीट से विधायक सुरेंद्र सिंह। विधायक महोदय पिछले महीने ही पीएम नरेंद्र मोदी को ‘अवतार पुरुष’ घोषित कर चुके हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक सुरेंद्र जिस वक्त जनसभा को संबोधित कर रहे थे उस वक्त स्थानीय सांसद भरत सिंह भी मौजूद थे। सुरेंद्र सिंह पहले भी बेतुका बयान दे चुके हैं। उन्होंने कहा था कि 2024 तक भारत हिन्दू राष्ट्र हो जाएगा।
#WATCH Ballia: Bairia BJP MLA Surendra Singh said’ aise logon ko Pakistani kehta hun jo Bharat Mata ki jai bolne se katrate hain’ (25.02.18) pic.twitter.com/lZX3D3MIZ2
— ANI UP (@ANINewsUP) February 26, 2018
13 जनवरी को बलिया में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा था कि देश में बहुत कम ही मुसलमान देशभक्त हैं। तब उन्होंने कहा था कि 2025 में RSS की स्थापना के 100 साल पूरा होने के मौके पर भारत हिन्दू राष्ट्र बनेगा। उन्होंने कहा, “हिन्दू राष्ट्र बनने पर जो मुसलमान हमारी संस्कृति को आत्मसात करेंगे, वे भारत में रह पाएंगे।’’ सुरेंद्र सिंह के मुताबिक जो लोग हिन्दू संस्कृति को नहीं मानते हैं वह दूसरे देश में जाने के लिए आजाद हैं। उन्होंने कहा कि भगवान की कृपा से भारत विश्वगरु और सुपरपावर बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके लिए वह पीएम मोदी और सीएम योगी के नेतृत्व को बढाई देते हैं।

