उत्तर प्रदेश नव निर्माण सेना ने आगरा में बड़े बड़े होर्डिंग लगवाए हैं। होर्डिंग में दावा किया गया है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ “कलयुग के अवतार” है। पोस्टर के एक साइड में योगी आदित्यनाथ की फोटो है और दूसरी साइड में भगवान राम की फोटो को लगाया गया है। होर्डिंग पर लगे भगवान राम और योगी आदित्यनाथ के फोटो के बीच में लिखा है, “फैजाबाद हटाकर प्रभु श्री राम को उनकी अयोध्या वापस लौटाने वाले योगी जी भी कलियुग के अवतार ही हैं।” इसके अलावा भगवान राम के फोटो के नीचे लिखा है त्रेता युग के अवतार मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम और योगी आदित्यनाथ के फोटो के नीचे लिखा है प्रात: स्मरणीय, सांय वंदनीय, परमपूज्य महंत योगी आदित्यनाथ जी महाराज। इन होर्डिंग्स को उत्तर प्रदेश नवनिर्माण सेना ने लगवाया है सबसे नीचे उसी का नाम लिखा है। इसके अलावा योगी आदित्यनाथ के फोटो के ऊपर कोने पर #yogi4PM लिखा है। उत्तर प्रदेश नव निर्माण सेना के अध्यक्ष अमित जानी का कहना है कि योगी आदित्यनाथ हिन्दुत्व के ब्रांड आइकन हैं। वह पीएम पद के लिए एकदम सही उम्मीदवार हैं।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा था कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण सिर्फ “हम” ही करेंगे, दूसरा कोई नहीं कर पाएगा। सीएम योगी ने यह बात युवा कुंभ में कही। उन्होंने कहा कि भारत एक राष्ट्र है, उसकी एक ही संस्कृति है। भारत की एक सोच है। यहां पर भाषाएं, जाति, क्षेत्र, खान-पान, रंगरूप, बोली भाषा अलग-अलग हो सकती है। भारत राजनीतिक रूप से भले ही अलग-अलग रहा हो, लेकिन उसकी एक संस्कृति है, जो हिन्दू संस्कृति के रूप में जानी जाती है। इस पर हम सबको गर्व होना चाहिये।”

सीएम योगी ने कहा, यहां कुछ लोग रामजन्मभूमि के बारे में बोल रहे थे। मित्रों, यह कार्य जो भी करेगा, जब भी करेगा, यह कार्य हम ही करेंगे, कोई दूसरा नहीं कर पाएगा। हमारे पास इस षड्यंत्रों को समझने का अवसर है, जो इस देश में नकारात्मकता का प्रतिनिधित्व करते हुए इस देश को एक बार फिर विखण्डन की तरफ धकेलना का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं।