प्यार शायद ऐसा ही होता है…हर किसी के लिए प्यार की अलग परिभाषा है। कोई इसे शब्दों में बयां करना चाहता है तो कोई खामोशी से महसूस करना चाहता है। प्यार की बात इसलिए हो रही है क्योंकि आगरा का एक 60 साल का शख्स अपने प्यार की तलाश में सूरत पहुंच गया। उसे लगभग 20 साल पहले एक शादीशुदा महिला से प्यार हो गया था। यह रिश्ता ज्यादा दिन चल नहीं पाया क्योंकि महिला अपने पति के साथ शहर छोड़कर सूरत चली गई। महिला भले ही शख्स की नजरों से दूर हो गई मगर वह उसे कभी भूला नहीं पाया।

खैर, किसी की जिंदगी कहां रुकती है। दोनों अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ गए। हालांकि महिला सूरत जाने के बाद अपने पति से अलग हो गई। वह अपने भाई के घर जाकर रहने लगी। महिला ने दूसरी शादी नहीं की। उस जमाने में फोन तो थे नहीं। शख्स को पता नहीं था कि महिला सूरत में कहां रहती है। दोनों एक-दूसरे को याद करते रहे मगर कभी मिलने की कोशिश नहीं की। शायद उन्हें पता था कि उनकी अपनी-अपनी जिम्मेदारियां हैं। इस तरह जिंदगी के 20 साल बीत गए। शख्स की अब एक पत्नी है। एक बेटी है जिसकी शादी हो चुकी है। वह पत्नी और अपने दो भाइयों के साथ रहता है।

शख्स का नाम महेंद्र सिंह है। अब वे 62 साल के हैं। उनहोंने अपनी 4 बीघा जमीन 21.42 लाख में बेची। इसके बाद 14 अगस्त को वे अचानक लापता हो गए। रिपोर्ट के अनुसार, सिंह कासगंज जिले के ढोलना थाना क्षेत्र के गांव मुबारकपुर में अपने परिवार के साथ रहते हैं। घरवालों को उनकी चिंता हुई। थाने में उनके लापता होने की शिकायत दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस उनकी तलाश में जुट गई। इसके बाद पुलिस ने जमीन बेचवाने वाले एक शख्स से पूछताछ की। उसने जो बताया वह सुनकर सभी लोग हैरान हो गए।

प्रेमिका को खोजने के लिए बेच दी जमीन

इसके बाद पुलिस ने बताया कि सिंह 20 साल पहले एक शादीशुदा महिला के साथ रिश्ते में था। यह रिश्ता कुछ महीने ही चल सका क्योंकि महिला अपने पति के साथ सूरत चली गई। हालांकि बाद में महिला अपने पति से अलग हो गई और सूरत में अपने भाई के साथ रहने लगी। दरअसल, सिंह उसकी तलाश करने के लिए अपनी जमीन बेच दी और बिना किसी बताए सूरत निकल गया। वह अपनी प्रेमिका को खोजने में कामयाब रहा।

पुलिस ने कहा कि परिवार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पैसे के लिए सिंह का अपहरण किया गया होगा। इस मामले में कोतवाली ढोलना पुलिस के SHO रामप्रकाश गौतम ने कहा, “पिछले महीने हमें एक वरिष्ठ नागरिक की गुमशुदगी की शिकायत मिली थी। उन्हें खोजने के लिए एक विशेष टीम लगाई गई। जांच में पता चला कि सिंह सूरत गए थे। वहां वे अपनी प्रेमिका से मिले और उसे अपने साथ घर लाने के लिए मना लिए।” फिलहाल सिंह अपने परिवार में लौट आए हैं।

“मैंने कोई अपराध नहीं किया है”

उनका कहना है “मैंने कोई अपराध नहीं किया है। मैं न तो अपनी पत्नी को छोड़ना चाहता हूं और न ही उस महिला को। उससे 20 साल पहले मुझे प्यार हुआ था। उसे भी मेरे साथ की जरूरत है। जमीन बेचने के बाद मेरे पास जो पैसे होंगे मैं उन्हें बराबर-बराबर बांट दूंगा।”