देशभर में सावन के महीने में धूमधाम से कांवड़ यात्रा निकाली जाती है। जगह-जगह कांवड़िए भगवा शिव की भक्ति में कांवड़ लेकर चलते हैं। ऐसे ही शाहजहांपुर जिला कारागार में बंदियों ने कांवड़ यात्रा निकाली और भगवान शिव का जलाभिषेक किया। कारागार से जल्द रिहाई और अपने पापों के प्रायश्चित के लिए महिला और पुरुष कैदियों ने जेल के अंदर कांवड़ यात्रा निकाली और गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
जेल अधीक्षक मिजाजी लाल ने पीटीआई-भाषा को बताया कि कैदियों ने उनसे कांवड़ यात्रा में शामिल होने के लिए अनुरोध किया था परंतु कैदियों खुले में कांवड़ लेकर नहीं जा सकते थे इसलिए उन्होंने फर्रुखाबाद स्थित पांचाल घाट से गंगाजल मंगवाया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा निकालने की इच्छा रखने वाले लगभग दो दर्जन कैदियों ने जेल परिसर में कांवड़ यात्रा निकालकर शिव का जलभिषेक किया।
जेल में सजा काट रही ब्रिटिश महिला भी कांवड़ यात्रा में शामिल हुईं
अधिकारी ने बताया कि फांसी की सजा का सामना कर रही ब्रिटिश महिला अमनदीप कौर ने भी कांवड़ यात्रा में शामिल होकर शिव का जलाभिषेक किया। उन्होंने कहा कि इस दौरान जेल के अंदर बंदी भगवा वस्त्र पहनकर और कंधों पर कांवड़ उठाए शिवधुन के बीच नृत्य करते हुए आगे बढ़े तो पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
पढ़ें- कांवड़ यात्रा के दौरान CM योगी की चेतावनी
जेल अधीक्षक ने बताया कि कैदियों ने जेल से जल्द रिहाई और अपने पापों के प्रायश्चित के उद्देश्य से कांवड़ यात्रा निकाली। अधिकारी ने कहा कि इस पहल से जेल में बंद महिला, पुरुष कैदियों के अंदर सकारात्मक और धार्मिक आस्था को जागृत करने के साथ ही सुधारात्मक गतिविधियों के अंतर्गत उन्हें धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होने का अवसर दिया जा रहा है।
बुलंदशहर में कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने सोमवार को कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की। जिलाधिकारी श्रुति और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) दिनेश कुमार सिंह ने जिले के प्रमुख शिवालय और कांवड़ मार्गों पर जलाभिषेक करने के लिए आ रहे कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा करते हुए उनकी सफल यात्रा की कामना की।
डीएम श्रुति ने कहा, “कांवड़ियों पर सदर क्षेत्र में राजेश्वर मंदिर, अनूपशहर क्षेत्र में बवस्टर गंज घाट और अहार क्षेत्र मे अंबकेश्वर महादेव मंदिर पर पुष्प वर्षा की गई।” वहीं एसएसपी सिंह ने बताया कि आज हेलीकॉप्टर के माध्यम से कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की गई। उन्होंने बताया कि विभिन्न मार्गों पर गैर प्रांतों और गैर जिलों से काफी संख्या में आने वाले कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की गई। पढ़ें- ‘कांवड़ यात्रा में शिव भक्त कम और गुंडे मवाली ज्यादा…’,
(इनपुट- पीटीआई)