उत्तर प्रदेश में फिर एक युवती के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। घटना के दौरान पीड़िता घर के पास पानी भरने गई थी, जहां दरिंदों ने उसे अपना शिकार बनाया। आरोप है कि दोनों आरोपियों ने गैंगरेप के वक्त उसका वीडियो भी बना लिया था। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पीड़िता के परिवार वाले परेशान हैं। उन्होंने कहा है कि अगर आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़कर फांसी पर नहीं लटकाया गया तो वे सुसाइड कर लेंगे। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की ओर से शिकायत मिलने के बाद वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

यह मामला कन्नौज जिले का है। पीड़िता की बहन के अनुसार, घटना 24 अप्रैल को हुई थी। न्यूज एजेंसी एएनआई से उसने कहा, “अगर इस मामले में आरोपियों को फांसी या फिर उम्रकैद की सजा नहीं दी गई तो हम लोग आत्महत्या कर लेंगे।”

पकड़े गए आरोपियों की शिनाख्त तालिब और सलमान के रूप में हुई है। ये दोनों ही पीड़िता के घर के पास के रहने वाले हैं। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि पीड़िता घटना के दौरान पास में ही कुएं पर पानी लेने गई थी, तभी उसे दो युवकों ने अपना शिकार बनाया। पीड़िता ने समाज में बदनामी के डर से तुरंत इस बारे में घर वालों को नहीं बताया।

आरोपियों ने जब सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो अपलोड कर दिया, तब मामला सबके सामने आ गया। परिजन फौरन पुलिस के पास पहुंचे, जहां उन्होंने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही वह आरोपियों को पकड़ लेगी।

आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले में बीते साल सितंबर में 19 साल की एक कॉलेज छात्रा से जुड़ा भी कुछ ऐसा ही मामला वीडियो के जरिए उजागर हुआ था। लड़की के साथ तब बॉयफ्रेंड व उसके दोस्तों ने छेड़छाड़ की थी। घटना के दौरान उन्होंने रिकॉर्डिंग भी थी, जिसे बाद में आरोपियों ने सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया था। हालांकि, पुलिस ने बाद में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।