UP News: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के हमीरपुर (Hamirpur) की एक शादी इन दिनों खूब सुर्खियों में है। यहां एक दूल्हे को अनोखा दहेज मिला है, जो इस वक्त चर्चा का विषय बना हुआ है। भारतीय नौसेना में कार्यरत दूल्हे को लड़की वालों ने दहेज में बुलडोजर (Bulldozer) दिया है। शादी का उपहार देखकर बारातियों ने योगी बाबा जिंदाबाद के नारे लगाए। इस शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है और इसकी काफी चर्चाएं भी हो रही हैं।
हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र का है मामला
यह मामला हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र के देवगांव का है। यहां नौसेना में कार्यरत एक जवान की शादी हुई। दुल्हन भी सिविल सेवा सर्विस की तैयारी कर रही है। दोनों सुमरेपुर थाना क्षेत्र में ही रहते हैं। लड़की के पिता परशुराम प्रजापित आर्मी में हैं और उन्होंने अपनी बेटी नेहा की शादी स्वामीदीन चक्रवर्ती के बेटे योगेन्द्र के साथ की थी।
दहेज में बुलडोजर मिलने से दूल्हे के परिजन खुश
धूमधाम से सारी रस्में संपन्न होने के बाद दुल्हन के पिता ने जब दूल्हे को दहेज में कार या मोटरसाइकिल के बजाय बुलडोजर दिया, तो सारे बाराती दंग रह गए। पहली बार ऐसा उपहार शादी में मिलने पर वे काफी हैरान थे। उन्होंने दूल्हे को दहेज में बुलडोजर मिलने पर योगी बाबा जिंदाबाद के नारे लगाए। हालांकि, इस उपहार से दूल्हे के परिजन खुश थे और उन्होंने कहा कि कार से ये बुलोडजर अच्छा है, इससे तो फायदा ही होता है।
सिविल सेवा सर्विस की तैयारी कर रही है नेहा
देवगांव के सरपंच ने कहा कि नेहा उनके गांव की है। ऐसा पहली बार देखा गया है कि किसी को दहेज में बुलडोजर मिला है। वहीं, सौखर गांव के सरपंच ने कहा कि उनके गांव के लड़के को दहेज में बुलडोजर मिला है, जिससे पूरा गांव खुश है। वहीं, नेहा सिविल सेवा सर्विस की तैयार कर रही है। उसके घरवालों ने बताया कि सिविल सेवा में जाना नेहा का सपना है। वह एक अर्से से इसके लिए तैयारी कर रही है और शादी के बाद भी वह सिविल सेवा सर्विस की अपनी तैयारी को जारी रखेगी।
क्या बोले यूजर्स
शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है, जिस पर लोग कमेंट्स कर रहे हैं। गुरुप्रसाद इमरती नाम के एक यूजर ने लिखा, “मेहनत से कमाने का एक मौका, खुशहाल जिंदगी और श्रम जीवन जीने के लिए एक आसरा हुआ।”