केंद्रीय जल संसाधन और भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने एक कार्यक्रम अपना संगीत का जौहर दिखाया। मध्य प्रदेश के छतरपुर में नितिन गडकरी ने अपने सुरों से ऐसा समा बांधा कि पूरी महफिल मंत्रमुग्ध हो गई। नितिन गडकरी ने जिंदगी कैसी है पहेली हाय गाना गाकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों को जूमने पर मजबूर कर दिया। इस कार्यक्रम में नितिन गडकरी के अलावा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद थे। नितिन गडकरी छतरपुर में केन बेतवा लिंक प्रोजेक्ट से जुड़े एक कार्यक्रम को संबोधित करने पहुंचे थे।
इस कार्यक्रम में किसी ने नितिन गडकरी के हाथों में माइक थमाते हुए एक गाना गाने की फरमाइश कर डाली। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष भी इस चुनौती से पीछे नहीं हटे और संगीत के सुर छेड़ बैठे। गडकरी ने किसी मंझे हुए गायक की तरह लय छेड़ते हुए आनंद फिल्म का मशहूर गाना जिंदगी कैसी है पहेली हाय गुनगुनाना शुरू कर दिया। गडकरी को गाता देख वहां मौजूद सभी लोग झूमने लगे। स्वयं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी नितिन गडकरी का ये अंदाज देख मंद-मंद मुस्कुराते हुए कैमरे में कैद हो गए।
Our Cabinet Minister Nitin Gadkari singing ‘Zindagi kaisi hai Paheli’ – very sporting! https://t.co/ONSqPtabXh
— Harsh Goenka (@hvgoenka) January 29, 2018
इससे पहले छतरपुर में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितिन गडकरी ने केन बेतवा लिंक प्रोजेक्ट के संबंध में कई जानकारियां दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मांग पर प्रोजेक्ट के दोनों फेज को मिला दिया गया है। दूसरे फेज में बेतवा नदी पर 4 छोटे बांध बनाए जाएंगे। इससे विदिशा-रायसेन जिलों के किसानों को फायदा मिलेगा। हालांकि उन्होंने प्रोजेक्ट की आधारशिला रखे जाने के संबंध में कोई डेड लाइन नहीं दी। इस दौरान कार्यक्रम में मप्र विधानसभा उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, वित्तमंत्री जयंत मलैया, ललिता यादव, संजय पाठक ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।