मध्य प्रदेश के चित्रकूट में 2 जुड़वां भाइयों की हत्या का मामला सामने आ रहा है। उनके शव उत्तर प्रदेश के बांदा में एक नदी से बरामद किए गए हैं। बताया जा रहा है कि हथियारबंद बदमाशों ने दोनों बच्चों को स्कूल बस में घुसकर करीब 7 दिन पहले अगवा किया था। ये दोनों तेल कारोबारी के बेटे थे। इस मामले में पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह है मामला : चित्रकूट में रहने वाले तेल कारोबारी बृजेश रावत के जुड़वा बेटे प्रियांश और श्रेयांश (5 वर्ष) सद्गुरु ट्रस्ट स्कूल में पढ़ते थे। 12 फरवरी को दोनों भाई स्कूल बस से घर लौट रहे थे। रास्ते में हथियारबंद बदमाशों ने किडनैप कर लिया। इस वारदात में डकैत बबली कोल गिरोह का नाम सामने आया था। वहीं, मध्य प्रदेश विधानसभा में भी दोनों बच्चों की किडनैपिंग का मुद्दा उठा था।
सद्गुरु सेवा संघ ने की थी एक लाख के इनाम की घोषणा : दोनों बच्चों की किडनैपिंग के मामले में अपराधियों की गिरफ्तारी और बच्चों की सकुशल लाने में मदद करने वाले को एक लाख रुपए का इनाम देने की घोषणा की गई थी। यह घोषणा सद्गुरु सेवा संघ जानकीकुंड ने की थी।
नदी में मिले शव : दोनों बच्चों के शव उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक नदी से बरामद किए गए हैं। आशंका है कि पुलिस की कई टीमें दोनों बच्चों की तलाश में जुटी हुई थीं। ऐसे में पकड़ने जाने के डर से बदमाशों ने उनकी हत्या कर दी। हालांकि, पुलिस ने इस मामले में 6 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।