ओडिशा के एक गांव में बुधवार को 12 फीट लंबा मगरमच्छ घुस आया। मकान में रहने वाले को यह तब पता लगा, जब उसकी नींद टूटी। पड़ोसियों की मदद से फौरन बीवी-बच्चों को घर से बाहर निकाला गया। फिर लोगों ने मशक्कत कर मगर पर काबू पाया। सूचना पर वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और उसे साथ ले गए। मामला मलकानगिरी के मंता गांव का है। आदिवासियों के इस गांव में दशरथ सपरिवार रहते हैं। बुधवार तड़के करीब तीन बजे किसी आवाज से उनकी नींद टूटी। वह कमरे से बाहर निकले, तो आंगन में बड़ा मगरमच्छ नजर आया। वे उसे देख कर हक्के बक्के रह गए। फौरन उन्होंने पत्नी को इस बारे में बताया, जिन्होंने आस-पड़ोस के लोगों को मदद के लिए बुलाया।
आनन-फानन में वे दशरश के घर पहुंचे। लोगों ने काफी जद्दोजहद के बाद मगरमच्छ पर काबू पाया। रस्सी की मदद से उसे पेड़ से बांधा गया था। गांव वालों ने इससे पहले दशरथ के बच्चों को घर से सुरक्षित निकाला था, जो सो रहे थे। मगरमच्छ पकड़े जाने के बाद उन्होंने उसे मारने का प्रयास भी किया, लेकिन गांव के मुखिया ने इस ऐतराज जताया।
Odisha: A crocodile entered a house in Malkangiri's Munata village, which was later rescued by forest department officials. pic.twitter.com/YyQvKkkxcn
— ANI (@ANI) November 2, 2017
वन विभाग को मामले की जानकारी दी गई, जिसके बाद दस्ता मौके पर पहुंचा। वन अधिकारी सुशांत नायक के मुताबिक, सतिगुड़ा बांध में 30-40 मगरमच्छ हैं। जहां तक इस घटना की बात है, तो यह मगर अंडे देने के लिए फिसल कर गांव में पहुंचा होगा। वह बांध से महज एक किमी की दूरी पर था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उसका वजन 500 किलो बताया जा रहा है।