उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर स्थित इच्छावरी गांव में बने टॉयलेट में महात्मा गांधी और अशोक चक्र के चिह्न वाली टाइल्स लगे होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि इस टॉयलेट को स्वच्छ भारत अभियान के तहत बनाया गया था। इस मामले में जिला प्रशासन के एक अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि गांव वालों ने सोमवार को इन टाइल्स के बारे में जिला प्रशासन को जानकारी दी। आरोप है कि उन्हें करीब सप्ताह भर पहले टॉयलेट में लगाया गया था।
गांव में बने थे 508 टॉयलेट: बता दें कि डिबाई तहसील के इच्छावरी गांव में स्वच्छ भारत अभियान के तहत 508 टॉयलेट बनाए गए थे। इनमें से 13 टॉयलेट में महात्मा गांधी और अशोक चक्र के चिह्न वाली टाइल्स का इस्तेमाल किया गया। जिला पंचायती राज अधिकारी अमरजीत सिंह ने बताया कि इस मामले में एक अधिकारी संतोष कुमार को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही, गांव के प्रधान सावित्री देवी के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
National Hindi News, 05 June 2019 LIVE Updates: दिनभर की खबरें जानने के लिए यहां क्लिक करें
स्थानीय बाजार से खरीदी गई थीं टाइल्स: जांच में सामने आया है कि इन टाइल्स को स्थानीय बाजार से खरीदा गया था। मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने इन टाइल्स को उखड़वा दिया गया। प्रशासन इस मामले की जांच कर रहा है।
अब तक हुई यह कार्रवाई: जिला पंचायती राज अधिकारी के मुताबिक, यह मामला सामने आने के बाद जिला विकास अधिकारी को निलंबित कर दिया गया। साथ ही, ग्राम प्रधान सावित्री देवी का ग्राम निधि अकाउंट सीज कर दिया गया। इसके अलावा ब्लॉक ऑफिसर को नोटिस भेजा गया है।