कश्मीर में कई जगहों पर शुक्रवार को सीजन की सबसे सर्द रात रही। मौसम विभाग के मुताबिक, लद्दाख और करगिल रीजन में पारा लगातार गिर रहा है। द्रास सेक्टर में शुक्रवार को तापमान माइनस 19.7 डिग्री तक पहुंच गया। इस दौरान श्रीनगर में पारा माइनस 4.2 डिग्री और जम्मू में 5.5 डिग्री रहा।

जगहशुक्रवार को न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस)
द्रास– 19.7
लेह– 13.9
गुलमर्ग– 11.5
करगिल– 10.2
कोकेरनाग– 6.6
काजीगुंड– 5.0
कुपवाड़ा– 4.5
श्रीनगर– 4.2

 

 

सैकड़ों गाड़ियां जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर फंसीं
जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह हुए भूस्खलन की वजह से ट्रैफिक रुक गया। हाईवे पर सैकड़ों वाहन फंस गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, बनिहाल-रामबन इलाके में भूस्खलन हुआ। हाईवे पर सुबह 11 बजे से ट्रैफिक रुक गया। सड़क को साफ करने की कोशिशें जारी हैं। उम्मीद है कि जल्द ही यातायात शुरू हो जाएगा। बुधवार को भी जवाहर टनल के आसपास बर्फबारी की वजह से ट्रैफिक जाम हो गया था। यह दो दिन बाद शुक्रवार को शुरू हो पाया था।

 

हिमाचल में भी सर्दी बढ़ी, मनाली में पारा – 5.6 डिग्री
हिमाचल के ज्यादातर इलाकों में भी तापमान में गिरावट जारी है। मनाली में शुक्रवार को -5.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। कुफरी में तापमान -1.0 डिग्री, केलांग में – 12 डिग्री, काल्पा में -3.0 डिग्री रहा।