पूर्व वित्त मंत्री और कांग्रेस नेता पी चिंदबरम के घर में चोरी हुई है। चोरों ने चिंदबरम के चेन्नई स्थित घर से करोड़ों रुपये के माल पर हाथ साफ किया है। रिपोर्ट के मुताबिक गायब सामानों में करोड़ों की जूलरी है, इसके अलावा डेढ़ लाख रुपये नकदी, 6 सिल्क की साड़ियां भी शामिल है। चेन्नई के प्याक्राफ्ट गार्डेन रोड में नुंगमबक्कम में पी चिदंबरम का घर है। चोरी का खुलासा रविवार (8 जुलाई) की सुबह को तब हुआ तब चिदंबरम की पत्नी नलिनी चिदंबरम एक महीने के बाद घर लौटीं। नलिनी चिदंबरम पेशे से वकील हैं और वो वह ऊटी गई थीं। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक नलिनी ने पाया कि घर के अंदर का आलमीरा खुला है और कीमती जेवरात गायब हैं। पुलिस का मानना है कि चोरी के पीछे दो नौकरानियों का हाथ हो सकता है।

घटनास्थल से मिले सीसीटीवी वीडियो के मुताबिक घर में दो महिलाएं प्रवेश करती दिख रही हैं। कहा जा रहा है कि ये दोनों महिलाएं चिदंबरम के घर में काम करती थीं। घर में प्रवेश करते वक्त उन्होंने मास्क पहन रखा था। घटना के बाद ये दोनों नौकरानियां फरार हैं। नलिनी चिदंबरम के मैनेजर मुरली की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सुराग तलाशने के लिए खोजी कुत्तों का भी सहारा लिया है। घटनास्थल से पुलिस ने फिंगरप्रिंटस भी लिये हैं।

इससे पहले 28 जून को इसी इलाके में एक डॉक्टर के घर में 2 लाख नकदी और लाखों की जूलरी की चोरी हुई थी। ये एक डॉक्टर का घर था। इस घटना की जानकारी तब मिली जब ये परिवार लंदन से छुट्टियां मनाकर वापस लौटा था। चोरी की दो लगातार घटनाओं के बाद पुलिस चौकस हो गई। इस घटना की वजह से पुलिस के काम करने के तरीके की भी आलोचना हुई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर पुलिस सतर्क रहती तो बार-बार चोरी की घटनाएं नहीं होती। वहीं आज की घटना पर अब तक चिदंबरम परिवार से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई है।