तमिलनाडु के कोयंबटूर में रिश्तों को तार-तार करने वाली वारदात को अंजाम दिया गया। एक 20 वर्षीय लड़के पर उसी की छोटी बहन के साथ बलात्कार करने का आरोप लगा है। आरोप है कि लड़का एक साल से अपनी छोटी का बलात्कार कर रहा था। मामला तब सामने आया जब स्कूल वालों को लड़की के गर्भवती होने पर शक हुआ और उसे अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल ने लड़की के गर्भवती होने की पुष्टि की तो पीड़िता ने सारी कहानी बयां कर दी। पीड़िता ने बताया कि घर पर जब माता-पिता नहीं होते थे तब उसका भाई उसके साथ घिनौनी करतूत करता था। पीड़िता ने बताया कि वह करीब एक साल से भाई के द्वारा यौन हमले का शिकार हो रही है। मामला उजागर होने के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पीटीआई के मुताबिक लड़का किसी डिप्लोमा कोर्स की पढ़ाई कर रहा था और उसकी बहन 9वीं कक्षा की पढ़ाई कर रही थी जब वह कथित रूप से भाई के नापाक मंसूबों का शिकार हो गई।
पुलिस ने पोक्सो एक्ट की के तहत मामला दर्ज किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ऐसा ही एक मामला पुणे में दर्ज किया गया जहां शख्स ने कथित रूप से अपनी 17 वर्षीय बहन के साथ कई दफा बलात्कार किया और वह गर्भवती हो गई। सितंबर में पीड़िता ने एक बच्चे को जन्म भी दिया। हालांकि, इस मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था।
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में रेप की दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया गया। यहां कल्याणपुर बाईपास के पास एक अर्धनिर्मित फैक्ट्री में एक मूक बधिर महिला के साथ तीन आरोपियों ने सामूहिक बलात्कार किया और बाद में उसके सिर पर सरिये से प्रहार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपियों ने महिला की हत्या कर उसकी लाश पानी की टंकी में फेंक दी और फरार हो गए। बीते 23 दिसंबर को महिला की लाश मिलने पर पुलिस ने पड़ताल की तो तीनों आरोपी धरे गए। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने अपना जुर्म कबूला है और यह भी बताया कि उन्होंने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था।