Telangana BJP N Ramchander Rao: उग्र हिंदुत्व की राजनीति के लिए पहचाने जाने वाले टी. राजा सिंह ने तेलंगाना बीजेपी के नए अध्यक्ष रामचंदर राव को चुनौती दी है। एक वीडियो जारी कर टी. राजा सिंह ने कहा कि वह बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष को एक ‘सॉलिड टारगेट’ का सुझाव दे रहे हैं।
राजा सिंह ने कहा, ‘हमारे नए अध्यक्ष एक मजबूत एडवोकेट हैं, कुछ लोग उनकी काबिलियत पर सवाल उठा रहे हैं लेकिन उन्होंने अपनी क्षमताओं का मजबूती से प्रदर्शन किया है इसलिए मेरा एक अनुरोध है कि उन्हें अदालत में लड़ने के लिए और फातिमा कॉलेज को गिराने के लिए एक कानूनी समिति बनानी चाहिए।’
यूपी में कौन होगा BJP का नया अध्यक्ष, इन नामों को लेकर हो रही जबरदस्त चर्चा
राजा सिंह ने आरोप लगाया कि AIMIM नेताओं ने इस कॉलेज की इमारत को बनाने के लिए अतिक्रमण किया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस और AIMIM ने ‘दोस्ती का गठबंधन’ बना लिया है और यही वजह है कि फातिमा कॉलेज के खिलाफ किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की गई।
राजा सिंह ने दे दिया था इस्तीफा
याद दिलाना होगा कि कुछ दिन पहले ही बीजेपी ने तेलंगाना में एन. रामचंदर राव को अध्यक्ष बनाया था। इससे नाराज होकर राजा सिंह ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। राजा सिंह ने साल 2024 में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को चुनौती दी थी कि उन्हें फातिमा कॉलेज में हुए अवैध निर्माण को ढहाना चाहिए और अगर वह ऐसा करते हैं तो वह हीरो बन जाएंगे।
राजा सिंह हैदराबाद की गोशामहल सीट से विधायक हैं। उन्हें हिंदुत्व के फायरब्रांड नेता के तौर पर जाना जाता है जबकि नए प्रदेश अध्यक्ष राव को वकालत का लंबा अनुभव है और वह तेलंगाना और आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट में भी वकील रह चुके हैं और आंध्र प्रदेश में पार्टी के प्रवक्ता रहे हैं।
टी राजा सिंह ने छोड़ी भाजपा, इस्तीफे में बयां किया अपना दर्द
बीजेपी से इस्तीफा देने के बाद राजा सिंह ने कहा था कि उन्होंने पार्टी के लिए बहुत खतरा उठाया है। उनका परिवार और वह खुद आतंकवादियों के निशाने पर हैं लेकिन बीजेपी में ऐसे नेता हैं जो नहीं चाहते कि पार्टी तेलंगाना में सत्ता में आए। उन्होंने राव को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने को सदमे और निराशा से भरा हुआ कदम बताया था और कहा था कि उनका इस्तीफा बीजेपी के लाखों कार्यकर्ताओं और समर्थकों के दर्द को दिखाता है।
कितना बड़ा है टी राजा सिंह का एंपायर, परिवार में कौन-कौन है?
राजा सिंह लंबे वक्त तक विवादों में रहे हैं। उन्हें टाइगर राजा और हिंदू हृदय सम्राट के नाम से पहचाना जाता है। उन्हें अपने भड़काऊ भाषणों के लिए कार्रवाई का भी सामना करना पड़ा है।
