पहाड़ों की भारी बर्फबारी से मैदानी इलाकों में कंपकंपी तेजी से बढ़ गई है। उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में शीतलहर चल रही है। वहीं दिल्ली में लगातार कोहरे का कहर बरकरार है। इसके चलते यातायात भी प्रभावित हो रहा है। फिलहाल मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ों में बर्फबारी अभी कुछ दिन और जारी रह सकती है। ऐसे में मैदानी इलाकों में अभी तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।

पहाड़ों में ऐसा है हालः उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी लगातार जारी है। कश्मीर घाटी में बर्फबारी के सफेद आफत के रूप में बरस रही है। हवाई और सड़क यातायात पर बुरा असर देखने को मिला है। वहीं जम्मू के रियासी जिले में स्थित वैष्णो देवी मंदिर की पहाड़ियों पर भी बर्फबारी हुई है। उधर हिमाचल के शिमला, मनाली, किन्नौर और डलहौजी समेत कई इलाकों में रविवार को भारी बर्फबारी हुई है। उत्तराखंड में धनौटी, सुरकंडा, औली, हेमकुंड साहिब समेत कई जगहों पर बर्फबारी जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को कुमाऊं के कुछ इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

मैदानों में दिखा पहाड़ी बर्फबारी का साइड इफेक्टः पहाड़ों की बर्फबारी का सबसे ज्यादा असर राजधानी दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में देखने को मिलता है। रविवार को दिल्ली में भी बारिश हुई इसके बाद सोमवार की सुबह कोहरा छाया रहा। दृश्यता प्रभावित होने की वजह से ज्यादातर उड़ानें देरी से चल रही हैं वहीं रेलवे पर भी इसका बुरा असर देखने को मिला है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। इधर मध्य प्रदेश में रात में तापमान में बढ़ोतरी और दिन के तापमान में गिरावट आई है। वहीं हरियाणा के नारनौल में पारा साढ़े तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरा।